मुंबई। अभी तक जोधपुर से मुंबई के बीच सप्ताह में तीन दिन ही एयर कनेक्टिविटी मिल रही है। अब एयर इंडिया ने मुंबई के लिए स्लॉट मांगा है। संभवत: दिसंबर के अंत या नए साल में एयर इंडिया को सुबह का स्लॉट मिल सकता है। वहीं टाटा विस्तारा ने भी मुंबई के लिए शेड्यूल फ्लाइट चलाने के लिए आवेदन किया है।
यदि दोनों ही फ्लाइट को मंजूरी मिलती है तो तीन फ्लाइट का संचालन शुरू हो जाएगा। अभी इंडिगो की फ्लाइट का संचालन हो रहा है। मुंबई जाने वाले हवाई यात्रियों को 4 दिन इंतजार करना पड़ता है, या उदयपुर या जयपुर होकर मुंबई जाना पड़ता है।
अनलॉक की गाइडलाइन के अनुसार अभी 75 फीसदी फ्लाइट का संचालन हो पा रहा है। फ्लाइट को सुबह का स्लॉट मिलने की संभावना है। क्योंकि सुबह 11:30 बजे दिल्ली की फ्लाइट संचालित हो रही है। ऐसे में इससे आधा घंटा पहले ही संचालन की अनुमति मिलेगी।
जोधपुर-मुंबई के बीच यात्रियों की संख्या ज्यादा
लॉकडाउन से पहले जोधपुर से मुंबई के बीच चार फ्लाइट का संचालन हो रहा था। फ्लाइट बंद होने के बाद सितंबर में फिर से संचालन शुरू हुआ। तब सिर्फ चेन्नई व बेंगलुरु के बीच ही संचालन शुरू हो सका।
इसके बाद तीन दिन मुंबई और बाद में चार दिन दिल्ली के लिए संचालन शुरू हुआ। अब एयर इंडिया पूरे सप्ताह दिल्ली के लिए फ्लाइट संचालित कर रही है। जबकि विस्तारा भी तीन दिन तक संचालित हो रही है। वहीं दूसरी ओर मुंबई के लिए सिर्फ एक ही फ्लाइट होने से यहां के हवाई यात्रियों को परेशानी हो रही है। जोधपुर से औसतन पांच सौ से ज्यादा यात्री मुंबई से आने जाने वाले रहते हैं। ऐसे में एयर इंडिया की फ्लाइट मिलने से हवाई यात्रियों को राहत मिलेगी।