उत्तर प्रदेश में विधानसभा के मतदान से पहले योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रियों का इस्तीफा जारी है। कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य व दारा सिंह चौहान के बाद अब धर्म सिंह सैनी ने मंत्री पद से अपना इस्तीफा ने दिया है। धर्म सिंह सैनी ने ट्वीट से इसकी जानकारी दी। धर्म सिंह सैनी ने सरकार की ओर से मिले आवास और सिक्योरिटी को वापस किया इसके बाद शाम होते- होते इस्तीफा भी सामने आ गया। सैनी उनके दोनों फोन नंबर भी सुबह से स्विच ऑफ रखे हुए थे.
सहारनपुर के नकुड़ से भाजपा विधायक तथा आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी ने बुधवार को ही इंटरनेट मीडिया पर अपने समाजवादी पार्टी के शामिल होने की सूचना वायरल होने के बाद कहा था कि स्वामी प्रसाद मौर्य मेरे बड़े भाई हैं और बड़े भाई रहेंगे। उन्होंने इस्तीफा क्यों दिया, इसकी जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा था कि पता चला है कि जो उन्होंने समाजवादी पार्टी में जाने वालों की जो सूची दी है, उसमें मेरा भी नाम है, उन्होंने यह मेरे से पूछे बिना किया, जो गलत किया। मैं इसका खंडन करता हूं। मैं भाजपा में हूं और भाजपा में ही रहूंगा।
धर्म सिंह सैनी की अखिलेश यादव के साथ मुलाकात की तस्वीर भी सामने आ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक सैनी नकुड़ विधानसभा सीट से विधायक हैं और यह सीट मुस्लिम बाहुल्य है। वे दो बार से अनुसूचित जाति और सैनी वोटों के गठजोड़ से महज 4 हजार के अंतर से जीत रहे थे। अखिलेश के साथ आने के दांव से उनकी नजर अब मुस्लिम वोटों पर भी है।
धर्म सिंह सैनी ने 2017 का चुनाव कांग्रेस के इमरान मसूद को हराकर जीता था। इमरान मसूद भी कांग्रेस को छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। 2017 में भाजपा के धर्म सिंह सैनी को 94,375 और इमरान मसूद को 90,318 वोट मिले थे। सैनी 4057 वोट से जीते थे। इससे पहले 2012 में धर्म सिंह सैनी बसपा से जीते थे। तब भी इमरान मसूद को हराया था। वह नकुड़ से लगातार चार बार से विधायक हैं। वह 2002, 2007 व 2012 में बसपा से विधायक थे। इसके बाद 2017 में भाजपा में आये।