उत्तर प्रदेश की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर है। आज शाम साढ़े 5 बजे योगी सरकार की कैबिनेट का विस्तार होगा। सात नए मंत्रियों की शपथ लेने की संभावना है। हालांकि संख्या बढ़ भी सकती है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल दोपहर 12:45 बजे गुजरात से लखनऊ राजभवन पहुंचीं। इसके बाद दोपहर 2 बजे एक हाईलेवल मीटिंग हुई, इसके बाद कैबिनेट विस्तार की अधिकारिक घोषणा कर दी गई।
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए जितिन प्रसाद को दिल्ली से लखनऊ बुलाया गया है। उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाने की चर्चा है। बाकी छह अन्य स्वतंत्र या राज्यमंत्री बनेंगे। नए मंत्रियों में एक ब्राह्मण चेहरा जितिन प्रसाद बाकी तीन दलित और तीन ओबीसी से हैं।
भाजपा ने कैबिनेट विस्तार से पहले 4 एमएलसी के नाम तय कर दिए हैं। उनमें जितिन प्रसाद, डॉ. संजय निषाद, गोपाल अंजान और वीरेंद्र गुर्जर के नाम शामिल हैं।
राज्य संपत्ति विभाग ने 10 गाड़ियां तैयार की हैं। सभी गाड़ियां मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं। कहा जा रहा है कि तीन मंत्रियों का इस्तीफा भी लिया जा सकता है।
जिन मंत्रियों का इस्तीफा हो सकता है उनमें समाज कल्याण मंत्री रामपति शास्त्री, सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा का नाम सबसे अधिक चर्चा में है।
यूपी भाजपा के उपाध्यक्ष एके शर्मा, पूर्व राज्यपाल और 5 दिन पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनीं बेबी रानी मौर्य और संजय निषाद को मंत्री नहीं बनाया जाएगा। समारोह की कवरेज के लिए सिर्फ प्रिंट और टेलीविजन एजेंसियों को बुलाया गया है।