उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित 105 उम्मीदवारों के नाम हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर से चुनाव लड़ने जा रहे हैं तो उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सिराथू से टिकट दिया गया है। पहले कहा जा रहा था कि योगी अयोध्या से लडेंगे लेकिन पार्टी ने उन्हें गोरखपुर शहर से उम्मीदवार बनाया है.
मथुरा से ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा एक बार फिर मैदान में होंगे। कैराना से मृगांका सिंह और थानाभवन से सुरेश राणा को टिकट दिया गया है। बुराणा से उमेश मलिक मुजफ्फरनगर से कपिल देव अग्रवाल। सरधना से संगीत सोम, हस्तिनापुर से दिनेश खटिक, मेरठ कैंट अमित अग्रवाल, मेरठ साउथ सोमेंद्र तोमर, नोएडा से पंकज सिंह को चुनाव में उतारा गया है। आगरा ग्रामीण से बेबीरानी मौर्य चुनाव लड़ेंगी। पहले वे उत्तराखंड की राज्यपाल रहीं हैं। पहले चरण के 57 और दूसरे चरण की 48 सीटों पर नाम तय किए गए हैं। 21 नए चेहरों को उम्मीदवार बनाया है।
केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहली सूची जारी की। पार्टी ने इसके साथ ही पहले और दूसरे चरण के तहत 113 सीटों पर होने वाले मतदान के मद्देनजर 105 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्यों ने गुरुवार को हुई एक बैठक में इन नामों पर मुहर लगाई थी।
उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान होना है। इसकी शुरुआत 10 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्से के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान के साथ होगी। दूसरे चरण में 14 फरवरी को राज्य की 55 सीटों पर मतदान होगा. उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण में 59 सीटों पर, 23 फरवरी को चौथे चरण में 60 सीटों पर, 27 फरवरी को पांचवें चरण में 60 सीटों पर, तीन मार्च को छठे चरण में 57 सीटों पर और सात मार्च को सातवें चरण में 54 सीटों पर मतदान होगा।
यूपी प्रभारी ने दावा किया है कि 2017 की तरह 2022 में भी भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत से यूपी में सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि 2017 में जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत का जनादेश दिया था। योगी सरकार ने पिछड़े पांच साल में, दंगाइयों व भ्रष्टाचारियों पर रोक लगाई है। अब प्रदेश में रात को 12 बजे भी एक महिला घर से बाहर निकल सकती है। प्रदेश की कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है।
प्रदेश में इंफ्रांस्ट्रक्चर का जाल बिछाया जा रहा है। जेवन एयरपोर्ट बन रहा है। एक्सप्रेस वे बन रहे हैं। यह भाजपा सरकार की नीतियों का ही प्रभाव है कि यूपी आज बीमारू राज्य नहीं है बल्कि विकास का सिरमौर बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि यूपी की जनता एक बार फिर हम 300 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।