मुंबई इंडियंस के खिलाफ के पहले मुकाबले में जीत के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नए अवतार की चर्चा जोरों पर रही। धोनी के नए लुक पर फैंस सोशल मीडिया पर बहुत से कमेंट कर रहे हैं। महेंद्र सिंह धोनी हाफ बीयर्ड लुक में नजर आए। धोनी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में 436 दिनों के बाद मैदान पर उतरे हैं। उधर अपनी उम्र को पीछे छोड़ते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी फाफ डु प्लेसिस का सुपरमैन अंदाज में बाउंड्री लाइन पर कैच देखकर हर कोई हैरान रह गया।36 साल के इस खिलाड़ी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ दो बेहतरीन कैच लेकर बता दिया कि उम्र तो सिर्फ एक नंबर है। बाउंड्री पर फाफ डु प्लेसिस की ऐसी गजब की फुर्ती देखकर धोनी भी खुश हुए। मुंबई इंडियंस की पारी के 15वें ओवर में फाफ डु प्लेसिस ने बाउंड्री पर सौरव तिवारी और हार्दिक पंड्या के कैच लपके। 15वें ओवर की पहली गेंद पर फाफ डु प्लेसिस ने सौरव तिवारी का कैच लपका। फाफ ने हवा में छलांग लगाई और गेंद को पकड़ लिया।