DDC Elections Phase 1: जम्मू कश्मीर में आज इतिहास रचा जा रहा है। धारा 370 हटने के बाद पहला चुनाव हो रहा है और लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच डीडीसी यानी जिला विकास परिषद के चुनाव हो रहे हैं। ये चुनाव 8 चरणों में होगा। शनिवार को पहले चरण की वोटिंग है। कुल आठ चरणों में 07 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन चुनावों में 296 उम्मीदवारों अपना भाग्य आजमा रहे हैं। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।
लोग बढ़कर मतदान में हिस्सा ले रहे हैं। दूर दराज के इलाकों में चुनाव कराने वाली टीमों को हैलिकॉप्टर से पहुंचाया गया है। शनिवार को सभी 20 जिलों के दूरदराज के इलाकों में 43 सीटों के लिए मतदान हो रहा है।डीडीसी चुनाव के लिए मौजूद सुरक्षाबलों के साथ 165 अतिरिक्त कंपनियों को तैनात किया गया है। चुनाव की सुरक्षा को लेकर 3 स्तर पर बंदोबस्त किए गए हैं।
सेना व सीमा सुरक्षाबल आतंकियों के मंसूबों को नाकाम बनाएंगे। मतदान केंद्रों में कोरोना महामारी की रोकथाम को लेकर भी बंदोबस्त किए गए हैं। केंद्रों में सैनिटाइजर के साथ थर्मल स्कैनर दिए गए हैं। अगर किसी वोटर के पास मास्क नहीं होगा तो उसे वह भी उपलब्ध करवाने का बंदोबस्त किया गया है।
सरपंचों के उपचुनाव भी साथ-साथ चलेंगे : राज्य चुनाव आयुक्त केके शर्मा के अनुसार, DDC चुनाव के साथ पंचायत की खाली पड़ी 94 सीटों के लिए भी उपचुनाव होगा। सरपंच के लिए मैदान में आए 279 उम्मीदवारों में 203 पुरुष तथा 76 महिलाएं हैं। वहीं पंचों की 368 सीटों के लिए मैदान में आए 852 उम्मीदवारों में 635 पुरुष व 217 महिलाएं हैं। उन्होंने बताया कि 36 सरपंच और 768 पंच निर्विरोध चुने गए हैं।