लखीमपुर: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी जाने के दौरान हिरासत में लिए जाने के बाद सीतापुर गेस्ट हाउस में झाड़ू लगाती नजर आईं। इसका वीडियो भी सामने आया है जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यूपी पुलिस ने सोमवार तड़के प्रियंका गांधी को हिरासत में उस समय लिया जब वे लखीमपुरी हिंसा में मारे गए किसानों के परिजनों से मिलने जा रही थीं।
प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने के बाद सीतापुर के एक गेस्ट हाउस में रखा गया है। यह वीडियो वहीं का है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इसके विरोध में अनशन शुरू कर दिया है। कांग्रेस के प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने प्रियंका को बहुत गंदे कमरे में रखा। प्रवक्ता के मुताबिक कांग्रेस महासचिव ने खुद झाड़ू से कमरे को साफ किया।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे को लेकर किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान रविवार को लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया इलाके में भड़की हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। यह घटना तिकोनिया-बनबीरपुर मार्ग पर हुई।
उपमुख्यमंत्री को कार्यक्रम स्थल पर लाने के लिए जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं के दो वाहनों द्वारा कथित रूप से प्रदर्शनकारियों को टक्कर मारे जाने के बाद नाराज किसानों ने दोनों वाहनों में आग लगा दी। इस घटना में चार किसानों तथा वाहनों पर सवार चार अन्य लोगों की मौत हो गई।
किसान मौर्य के बनबीरपुर दौरे का विरोध कर रहे थे जो केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और खीरी से सांसद अजय कुमार मिश्रा का पैतृक गांव है।