महाराष्ट्र के ठाणे जिले में उल्हासनगर में एक बड़ा हादसा हुआ. कस्बे में पांच मंजिला इमारत का एक हिस्सा ढहने से उसके मलबे में दबकर चार लोगों की मौत हो गई। वहीं एक जख्मी हो गया। मलबे के नीचे कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11.30 बजे की बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने राहत-बचाव का काम शुरू किया है। अधिकारियों की माने तो इमारत अवैध थी, जिसे पहले ही नोटिस दिया जा चुका था। इसके बावजूद कुछ परिवार इमारत में रह रहे थे।
उल्हासनगर तहसीलदार (राजस्व अधिकारी) कोमल ठाकुर के अनुसार, ठाणे के उल्हासनगर कैंप 5 में स्थित पांच मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल का एक स्लैब सुबह करीब 11.30 बजे गिर गया। इस हादसे में दो महिला समेत चार लोगों की मौत हुई है। वहीं, कुछ लोग मलबे में दबे हैं, जिन्हें निकालने की कोशिश जारी है।
अधिकारी की मानें तो इस इमारत में करीब 30 फ्लैट्स थे। इमारत का अवैध तरीके से निर्माण किया गया था और पहले ही खाली करने को लेकर लोगों को नोटिस दिया जा चुका था। बावजूद इसके इसमें 5 परिवार अभी भी रह रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे स्थानीय दमकल कर्मचारी, आपदा प्रबंधन दल, पुलिस, राजस्व और निकाय अधिकारी संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्य में जुट गए। अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में मरने वालों की पहचान सागर ओछानी (19), प्रिया धनवानी (24), रेणु ढोलंदादास धनवानी (54) और धोलदास धनवानी (58) के रूप में हुई.