राजस्थान के जोधपुर में 19 साल की मॉडल गुनगुन उपाध्याय ने रातानाडा के होटल की छठी मंजिल से छलांग लगा दी। सुसाइड करने से पहले उसने अपने पिता को फोन किया और उन्हें इसकी जानकारी दी। कहा कि ‘पापा मैं सुसाइड करने जा रही हूं, बस मेरा चेहरा देख लेना’। इसके बाद पिता गणेश उपाध्याय ने पुलिस से संपर्क किया।एसीपी देरावर सिंह ने फोन नंबर के आधार पर गुनगुन की लोकेशन ट्रैस की और घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, तब तक गुनगुन छठी मंजिंल से छलांग लगा चुकी थी।
पुलिस ने बताया कि मॉडल को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि गुनगुन का काफी खून बह चुका है, इसलिए फिलहाल वह बात करने की स्थिति में नहीं है। जैसे ही उसे होश आएगा, पूछताछ की जाएगी। हालांकि, अभी तक सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
बताया गया कि गुनगुन मॉडलिंग के लिए जोधपुर से उदयपुर गई थी। वहां गुनगुन के साथ एक होटल में गलत हरकत हुई थी। गुनगुन ने पिता को इस बारे में जानकारी दी थी। इसी घटना से वह आहत चल रही थी। पुलिस ने बताया कि गुनगुन के पिता गणेश उपाध्याय जोधपुर में ही मंडी व्यवसायी हैं। फिलहाल, उनसे गुनगुन के बारे में पूछताछ की जा रही है।