चंडीगढ़, 31 मार्च । रोड रेज में सजा काट रहे पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू 1 अप्रैल दिन शनिवार को जेल से रिहा हो रहे हैं। इस बार सिद्धू ने खुद ट्विट कर यह जानकारी दी है। इससे पहले 26 जनवरी को भी सिद्धू की रिहाई की खबरें आई थीं, लेकिन मौके पर रिहाई को टाल दिया गया था।
पूर्व क्रिकेटर और नेता नवजोत सिंह सिद्धू को करीब 32 साल पुराने रोडरेज केस में 19 मई 2022 को एक साल कैद की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद सिद्धू 20 मई 2022 को जेल गए थे। नियमानुसार सिद्धू की सजा 19 मई को पूरी हो रही है, लेकिन जेल में उनके अच्छे व्यवहार तथा एक साल के दौरान कोई छुट्टी नहीं लिए जाने के कारण उन्हें यह रियायत दी जा रही है।
दरअसल, दिसंबर 2022 से ही नवजोत सिंह सिद्धू की रिहाई को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। पंजाब कांग्रेस का एक बड़ा धड़ा सिद्धू के स्वागत की तैयारियों में भी जुट गया था। सभी को आस थी कि 26 जनवरी 2023 को नवजोत सिंह सिद्धू रिहा हो जाएंगे। 26 जनवरी की सुबह से ही समर्थक जेल के बाहर पहुंच गए, लेकिन सिद्धू बाहर नहीं आए। इस बार अपनी रिहाई को लेकर सिद्धू ने खुद अपने ट्वीटर हैंडल से जानकारी दी है। सिद्धू ट्वीट में लिखा है कि वरिष्ठ अधिकारियों ने रिहाई की सूचना दी है।