तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन (Tamilisai Soundararajan) ने उड़ान के दौरान विमान में सवार एक यात्री की जान बचाई। यात्री गंभीर रूप से बीमार पड़ गया था। उसे जल्द से जल्द इलाज की जरूरत थी। विमान हवा में था, जिसके चलते बीमार यात्री को तुरंत हॉस्पिटल ले जाना संभव नहीं था। ऐसे में राज्यपाल मदद के लिए आगे आईं।
तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन के अंदर का डॉक्टर तब सामने आया जब वह शुक्रवार रात नई दिल्ली से हैदराबाद फ्लाइट के माध्यम से जा रही थी। दरअसल राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन जिस फ्लाइज से दिल्ली से हैदराबाद जा रही थी। उसमें क्रू मैंबर ने SOS की घोषणा करते हुए पूछा की फ्लाइट में कोई डॉक्टर मौजूद हैं क्या? जिसके बाद राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने तुरंत हामी भरी।

इसके बाद क्रू मैंबर उन्हें एक यात्री के पास ले गए, जो सीने में दर्द होने की शिकायत कर रहा था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसके बाद राज्यपाल सुंदरराजन ने सह-यात्री को प्राथमिक चिकित्सा दी, जिसके बाद यात्री ठीक हो गया। विमान के हैदराबाद में लैंड करने पर यात्री को व्हीलचेयर पर बैठाकर हवाई अड्डे के मेडिकल बूथ पर ले जाया गया।
राज्यपाल ने किया ट्वीट
बता दें कि इस बात की जानकारी खुद राज्यपाल ने ट्वीट कर दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद बीमार यात्री काफी खुश दिख रहे थे। उन्होंने बताया कि हैदराबाद पहुंचने पर यात्री को व्हीलचेयर से हवाई अड्डे के मेडिकल बूथ तक पहुंचाया गया। सुंदरराजन ने समय पर सतर्कता दिखाने और सुविधा के लिए इंडिगो एयर होस्टेस और कर्मचारियों की सराहना की।
इंडिगो ने भी ट्वीट कर राज्यपाल की तारीफ की
तेलंगाना की राज्यपाल द्वारा यात्री की मदद के बाद इंडिगो ने भी ट्वीट कर उनकी तारीफ की। इंडिगो ने कहा कि यह हमारे लिए खुशी की बात थी कि राज्यपाल हमारे साथ फ्लाइट में थीं। हम अपने सुपरहीरो को सलाम करते हैं और हमेशा उनके निस्वार्थ योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद देते हैं।
डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन जो पुडुचेरी की उपराज्यपाल भी हैं, वह राजनीति में आने से पहले स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर थी। तेलंगाना की राज्यपाल ने हाल ही में भद्राद्री-कोठागुडेम जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था। बारिश और फिसलन भरे कीचड़ के बाद भी उन्होंने इलाके का भ्रमण किया और राहत शिविरों में गईं। उन्होंने अश्वपुरम मंडल में बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत भी की।