पैगंबर मुहम्मद के खिलाफ टिप्पणी करने वाले बीजेपी से निलंबित विधायक टी राजा सिंह को हैदराबाद पुलिस ने गुरुवार को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। इसके पहले उन्हें 23 अगस्त को पैगंबर मुहम्मद पर टिप्पणी मामले में गिरफ्तार किया गया था। शाम को लोकल कोर्ट ने जमानत दे दी थी। उन्हें गिरफ्तार किए जाने के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे और जय श्री राम के नारे लगाते रहे थे।
टी राजा सिंह को गिरफ्तार करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को भी तैनात किया गया था। समर्थकों की भीड़ के विरोध के बाद भी पुलिस टी राजा को गिरफ्तार किया और उन्हें बस में बिठाकर ले गए। इस दौरान उनके समर्थकों ने धार्मिक नारे लगाए।
टी राजा को पुलिस ने पहले दर्ज मामलों में गिरफ्तार किया है। तेलंगाना पुलिस ने टी राजा सिंह के खिलाफ इस साल फरवरी और अप्रैल में केस दर्ज किया था। इन दोनों मामलों में राजा को 24 अगस्त को नोटिस जारी किया गया और 25 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
हैदराबाद पुलिस ने बताया कि टी. राजा सिंह को प्रिवेंशन डिटेंशन ऐक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ कुल 101 केस दर्ज हैं। इनमें से 18 मामले सांप्रदायिक भावनाओं को भड़काने के हैं। मंगलहाट पुलिस ने पीडी ऐक्ट के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई की है। उन्हें चेरियापल्ली सेंट्रल जेल में रखा गया है।
बुधवार रात को भी हजारों की भीड़ हैदराबाद की सड़कों पर उतरी थी और सिर तन से जुदा के नारे लगाते हुए टी. राजा सिंह के खिलाफ ऐक्शन की मांग की थी। हैदराबाद के कई इलाकों में बीते कुछ दिनों से लगातार विरोध प्रदर्शन जारी हैं। पुलिस ने बुधवार को लाठीचार्ज भी किया था ताकि भीड़ को तितर-बितर किया जा सके। इसके अलावा आरएएफ की तैनाती भी की गई थी।
बता दें कि भाजपा से निलंबित विधायक टी. राजा सिंह ने आज सुबह ही कहा था कि सीएम के. चंद्रशेखर राव ने इस मामले को ईगो पर ले लिया है। उन्होंने कहा है कि किसी भी हालत में इसे जेल में डाला जाए। जो भी हो, मैं डरने वाला नहीं हूं। यह धर्म युद्ध है। कोई हमारे भगवान को गाली देगा तो इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। वह जिस भाषा में समझेगा उसी में जवाब दिया जाएगा।
विधायक ने कहा था कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है, लेकिन उन्हें गिरफ्तार करने के लिए साजिश रची जा रही है। इस बीच राजा सिंह की रिहाई के खिलाफ हैदराबाद पुलिस ने हाई कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। अदालत में पुलिस ने कहा है कि राजा सिंह का बयान भड़काऊ था और उन्हें रिहा करने के चलते समाज में अशांति फैल रही है।
क्या है मामला?
सोमवार को टी राजा ने स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी की आलोचना करते हुए एक वीडियो जारी किया था। मुनव्वर फारुकी ने हाल ही में हैदराबाद में परफॉर्म किया था। वीडियो में टी राजा ने कथित तौर पर इस्लाम के खिलाफ टिप्पणी की। इसके चलते टी राजा के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने टी राजा को 23 अगस्त को गिरफ्तार किया था और चेतावनी देकर छोड़ दिया था। इसके बाद टी राजा को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर उग्र विरोध प्रदर्शन हो रहे थे।