मुंबई, 24 मार्च। कांग्रेस पार्टी के सांसद राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता रद्द करने के बाद पूरे देश में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। राजनीतिक दलों के बड़े नेता अपनी-अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं। इस बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया है।
उद्धव ठाकरे के अनुसार राहुल गांधी की आखिरकार सदस्यता रद्द कर दी गई। चोर को चोर कहना हमारे देश में अपराध साबित हुआ है। चोर और देश को लूटने वाले आज भी मुक्त हैं और राहुल गांधी को सजा दी गई है। यह सीधे-सीधे लोकतंत्र की हत्या है। सभी सरकारी संस्थाएं दबाव में हैं। यह तानाशाही के अंत की शुरुआत है। केवल संघर्ष को दिशा देनी होगी।