कोरोना काल में लगा 9000 करोड़ का घाटा, 2021 में 16 फिल्मों से 4000 करोड़ की उम्मीद
मुंबई, कोरोना के चलते मार्च से ही सभी सिनेमाघर बंद चल रहे हैं। इसके कारण देश भर के मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन थिएटर्स के को 9,000 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। फिल्म नगरी मुंबई में भी कोरोना के कारण शूटिंग बंद होने से भारी नुकसान हुआ है।मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन की राज्य और केंद्र सरकार के बीच कई दौर की बातचीत के बाद दशहरे के आसपास सिनेमाघर खुलने के आसार दिखाई दे रहे हैं। बॉलीवुड को हुए नुकसान की भरपाई अगले साल आने वाली फिल्मों से हो सकती है। फिल्म प्रोड्यूसर और ट्रेड एनालिस्ट गिरीश जौहर के अनुसार 2021 में कई फिल्में मेगाबजट की हैं। बड़े स्टार्स और अच्छी पटकथा वाली करीब 16 फिल्में लाइनअप हैं। इनसे करीब 4 हजार करोड़ की कमाई की उम्मीद है।
देश की प्रमुख मल्टीप्लेक्स चेन कार्निवाल के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट कुणाल साहनी कहते हैं हमेशा दीवाली, ईद, दशहरा, 2 अक्टूबर, होली जैसी तारीखों पर फिल्म रिलीज के लिए मारामारी रहती है। लेकिन यह पूरा साल कोविड की भेंट चढ़ गया है। अब अक्टूबर में सिनेमाघर खुलने की उम्मीद है। इसीलिए तमाम अधूरी फिल्मों के बचे हुए काम तेज़ी से पूरे किए जा रहे हैं। अगले साल में जिस तरह की फिल्में आ रही हैं उससे लगता है कि हम नुकसान की भरपाई कर लेंगे। साहनी ने आगे बताया कि बॉलीवुड की तैयारी अब 2021 के लिए है। देश में 9,000 स्क्रीन हैं, जिसमें से लगभग 2600 स्क्रीन मल्टीप्लेक्स की हैं। मल्टीप्लेक्स में देश में चार बड़े खिलाड़ी हैं- पीवीआर, आईनॉक्स, कार्निवाल और सिनोपोलिस। मूवी मार्टिंग कंपनी के अश्वनी शुक्ला का कहना है कि भारत में हर साल रिलीज़ होने वाली लगभग 1000 फिल्मों में से 300 को ही सिनेमाघर मिलता है। भारत के पास कंटेट बहुत ज्यादा है और स्क्रीन बहुत कम। ओटीटी पर आई शकुंतला देवी, गुंजन सक्सेना जैसी फिल्मों को दर्शकों ने नकार दिया।इसलिए अब सिनेमाघर के लिए ही फिल्मों की तैयारी हो रही है।