मुम्बई। निर्देशक विनोद तिवारी की आगामी हिंदी फिल्म ‘द कन्वर्जन’ का पोस्टर जारी कर दिया गया है। इस पोस्टर से ऐसा प्रतीत हो रहा कि यह फिल्म की रिलीज से पहले विवादित होने की संभावना है। बनारस की पृष्ठभूमि पर बनी एक प्रेम त्रिकोण पर आधारित कहानी इस फ़िल्म में दर्शायी गई है और अगस्त 2021 में रिलीज़ होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
फिल्म के बारे में निर्देशक विनोद तिवारी बताते हैं कि यह फ़िल्म एक तरह से धर्मांतरण पर प्रकाश डालती नज़र आएगी। इसके मुख्य किरदार बबलू, देव और साक्षी के बीच एक साधारण प्रेम त्रिकोण नहीं है, बल्कि एक ऐसी बात है जो भारत में प्रेम विवाह के दौरान होने वाले धार्मिक रूपांतरणों की दुविधा की संवेदनशील रूप से खोज करती है।
‘द कन्वर्जन’ में विंध्या तिवारी, प्रतीक शुक्ला और रवि भाटिया मुख्य भूमिका में हैं। वहीं सपना चौधरी, विभा छिब्बर, सुनीता रजवार, अमित बहल, संदीप यादव, सुशील सिंह, विजय त्रिवेदी और मनोज जोशी जैसे कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इस फ़िल्म की कहानी वंदना तिवारी की है, संगीतकार अनामिक चौहान और डीओपी नवनीत बेहर हैं। यह फिल्म राज पटेल, भोजराज नवानी, विपुल पटेल द्वारा निर्मित और नोस्ट्रम एंटरटेनमेंट हब द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है।
- संतोष साहू