योग गुरु स्वामी रामदेव ने गुरुवार को बाड़मेर में एक कार्यक्रम के दौरान विवादित बयान दिया। उन्होंने हिंदू-मुस्लिम-ईसाई धर्म की आपस में तुलना करते हुए कहा, ‘मुसलमान आतंवादी हो या अपराधी, वह नमाज जरूर पढ़ता है। वे इस्लाम को सिर्फ नमाज तक ही समझते हैं। बस 5 बार नमाज पढ़ो और उसके बाद जो मन में आए वह करो। हिंदू लड़कियों को उठाओ और जो भी पाप करना है, वह करो।
मुस्लिम समाज के बहुत से लोग ऐसा करते हैं, लेकिन नमाज जरूर पढ़ते हैं। आतंकवादी और अपराधी बनकर खड़े हो जाते हैं, लेकिन नमाज जरूर पढ़ते हैं। वो इस्लाम का मतलब ही नमाज समझते हैं। यही सिखाया जाता है, लेकिन हिंदू धर्म में ऐसा नहीं है।
योग गुरु ने कहा कि इस्लाम में जन्नत का मतलब है कि टखने के ऊपर पायजामा पहनो। मूंछे कटवा लो और दाढ़ी बढ़ा लो। टोपी पहन लो। क्या ऐसा कुरान कहता है? फिर भी लोग ऐसा कर रहे हैं। फिर कहते हैं कि उनकी जगह जन्नत में पक्की हो गई है। जन्नत में हूरें मिलेंगी। ये सारी जमात को इस्लाम में बदलना चाहते हैं।
उन्होंने ईसाई धर्म और हिंदू धर्म की आपस में तुलना करते हुए कहा कि गिरिजाघर जाओ और मोमबत्ती जलाकर ईसा मसीह के सामने खड़े हो जाओ। सभी पाप खत्म हो जाते हैं। लेकिन हिंदू धर्म में ऐसा नहीं है।
दरअसल, बाबा रामदेव यहां एक मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में पहुंचे थे। रामदेव ने कहा कि मैं किसी की आलोचना नहीं कर रहा हूं। लेकिन कोई इस दुनिया को इस्लाम में तो कोई ईसाई में बदलना चाहता है। लेकिन बदलकर करोगे क्या? इनका कोई एजेंडा नहीं है। सनातन धर्म का एजेंडा है। सुबह ब्रह्म मुहूर्त में उठो। उठकर भगवान का नाम लो, उसके बाद योग करें। अपने आराध्य की पूजा करके अच्छा कार्य और अच्छा कर्म करो। यह हिंदू धर्म व सनातन हमें सिखाता है। अच्छे से जीवन कैसे जीना है? सात्विक जीवन कैसे जीना है? हमारे व्यवहार, हमारे कार्य में सात्विकता होनी चाहिए। हिंसा, झूठ, लड़ाई-झगड़ा नहीं करना, यह सब सनातन धर्म सिखाता है।
रामदेव ने कहा कि भगवान ने एक मनुष्य जाति बनाई है। हम सब एक ईश्वर की संतान हैं। हम सब एक ही पूर्वजों, एक ही धरती माता की संतान हैं। हमारा सब का डीएनए एक जैसा है। सबने टेस्ट करके देख लिया है। ब्राह्मण, क्षत्रिय, जाट, राजपूत यह इंसानों के द्वारा बनाए हुए वर्ग हैं। अब एक ही संकल्प लेकर जाओ, एक ही ईश्वर की संतान हैं। सभी समान, सभी महान, कोई ऊंच-नीच का भेदभाव आपस में नहीं करना है। हम सबको मिल-जुलकर रहना है।
रामदेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। कहा- हिंदू समाज को कोई नहीं बांट सकता। ये पॉलिटिशियंस बड़े ही खतरनाक होते हैं। बांट देते हैं। यह तो अच्छा है, हिंदुस्तान के सौभाग्य से इस समय देश का राजा और प्रधानमंत्री भी अच्छा मिला है। पीएम सनातन धर्मी और देवी-देवताओं को मानता है। गौमाता की इज्जत करता है और भारत माता को माता मानता है।