अडाणी ग्रुप के खिलाफ हिंडनबर्ग रिसर्च कंपनी के आरोपों को लेकर बजट सत्र के चौथे दिन शुक्रवार को भी संसद में जोरदार हंगामा हुआ। शोर-शराबे से बिगड़ी स्थिति को देखते हुए दोनों सदनों की कार्यवाही पहले दो बजे तक स्थगित की गई।
दो बजे दोबारा जब कार्यवाही शुरू हुई तो विपक्षी दलों ने फिर हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही छह फरवरी यानी सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। गुरुवार को भी संसद में जमकर हंगामा हुआ था, जिसके चलते कोई कामकाज नहीं हो पाया था।
शुक्रवार को भी सुबह दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी पार्टियों ने हंगामा कर दिया। वे सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में या संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से अडाणी ग्रुप पर हिंडनबर्ग के आरोपों की जांच कराने की मांग पर अड़े हुए हैंं।
हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि विपक्ष निराधार दावे न करें और सदन को चलने दें। उन्होंने कहा, प्रश्नकाल संसदीय कार्यवाही का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे बाधित नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस ने अपने लोकसभा सांसदों को कार्यवाही में मौजूद रहने को लेकर व्हिप जारी किया था।
अडाणी एंटरप्राइजेज के खिलाफ हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पर चर्चा के लिए कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया था। वहीं कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पर चर्चा के लिए राज्यसभा में नियम 267 के तहत नोटिस दिया था। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने चीन के साथ सीमा की स्थिति पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है।
बजट सत्र के दौरान कांग्रेस के राष्टय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस वार्ता कर कहा है कि सभी पार्टियों ने मिलकर निर्णय किया है कि देश में आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जो भी घटनाएं हो रही हैं, उन्हें सदन में उठाना है। अदाणी मामले पर भी चर्चा कराने के लिए नोटिस दिया गया था, जिसे खारिज कर दिया गया।
बता दें कि आरबीआई ने सभी बैंकों से कहा है कि उनकी तरफ से अडाणी ग्रुप की विभिन्न कंपनियों को कितना कर्ज दिया गया है, इसका पूरा लेखाजोखा उसके समक्ष रखें। आरबीआई यह जानना चाहता है कि एक कॉरपोरेट हाउस में वित्तीय कंपनियों की तरफ से किए जाने वाले निवेश या कर्ज आवंटन में नियमों का उल्लंघन तो नहीं किया गया है। सेबी भी पूरे मामले पर नजर रखे हुए है।
कांग्रेस सोमवार को देशभर में करेगी विरोध-प्रदर्शन
आल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने हिंडनबर्ग के आरोपों को लेकर अडानी ग्रुप और मोदी सरकार के खिलाफ सड़क पर आंदोलन करने का निर्णय लिया है। आगामी 6 फरवरी यानी सोमवार को पार्टी देशभर में जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और एसबीआई के कार्यालयों के सामने प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने इसे लेकर सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को निर्देश दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अडानी समूह में एलआईसी ने कुल 36,474.78 करोड़ रुपए का और राष्ट्रीय बैंकों ने इसमें लगभग 80,000 करोड़ रुपए का निवेश किया है। मामला सामने आने के बाद से समूह को 100 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।