राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र 2023 की शुरुआत हो गई। अब 1 फरवरी को देश का आम बजट पेश किया जाएगा। यह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पहला बजट अभिभाषण था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के सेंट्रल हाल में दोनों सदनों के सांसदों को पहली बार संबोधित किया।
देश की प्रथम नागरिक के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने अभिभाषण में लगातार दो बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार को चुनने के लिए देश की जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार एक निर्णायक सरकार के रूप में पहचानी जाती है।
उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, आर्टकिल 370 को रद्द करने और तीन तलाक जैसे फैसलों को लेकर सरकार की तारीफ की। राष्ट्रपति ने कहा कि नौ सालों में मोदी सरकार ने कई सकारात्मक परिवर्तन किए हैं, जिसमें सबसे बड़ा परिवर्तन यह है कि आज भारतवासियों का आत्मविश्वास शीर्ष पर है और भारत को देखने का दुनिया का नजरिया बदला है।
आईए जानते हैं अभिभाषण की 10 अहम बातें…
– राष्ट्रपति ने कहा कि गुलामी के हर निशान, हर मानसिकता से मुक्ति दिलाने के लिए भी सरकार निरंतर प्रयासरत है और आजादी के अमृतकाल में देश पंच प्राणों की प्रेरणा से आगे बढ़ रहा है। जो कभी राजपथ था, वह अब कर्तव्यपथ बन चुका है।
– उन्होंने कहा, “मेरी सरकार ने हमेशा देश हित को सर्वोपरि रखा, नीति-रणनीति को पूरी तरह से बदलने की इच्छाशक्ति दिखाई।” उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर आतंकवाद पर कड़ी कार्रवाई तक, एलओसी से एलएसी तक, अनुच्छेद 370 को निरस्त करने से लेकर तीन तलाक तक सरकार एक निर्णायक सरकार के रूप में पहचानी जाती है।
– राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, “मेरी सरकार का स्पष्ट मत है कि भ्रष्टाचार लोकतंत्र का और सामाजिक न्याय का सबसे बड़ा दुश्मन है। इसलिए बीते वर्षों से भ्रष्टाचार के विरुद्ध निरंतर लड़ाई चल रही है। हमने सुनिश्चित किया है कि व्यवस्था में ईमानदार का सम्मान होगा।”
– उन्होंने कहा कि आज देश ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की सफलता देख रहा है। पहली बार देश में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक हुई है। उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य भी पहले के मुकाबले बेहतर हुआ है।
– उन्होंने आगे कहा, “मेरी सरकार ने अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की आकांक्षा को जगाया है। ये वही वर्ग है जो विकास के लाभ से सबसे अधिक वंचित था। अब जब मूल सुविधाएं इस वर्ग तक पहुंच रही हैं, तब ये लोग नए सपने देखने में सक्षम हो पा रहे हैं।”
– राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आगे कहा कि सरकार ने हर उस समाज की इच्छाओं को पूरा किया है, जो सदियों से वंचित रहा है। गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी इनकी इच्छाओं को पूरा कर उन्हें सपने देखने का साहस दिया है।
– राष्ट्रपति ने कहा कि मुझे यह देखकर गर्व होता है कि आज की हमारी बहनें और बेटियां उत्कल भारती के सपनों के अनुरूप विश्व स्तर पर अपनी कीर्ति पताका लहरा रही हैं। उन्होंने कहा, “मेरी सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि किसी भी काम, किसी भी कार्यक्षेत्र में महिलाओं के लिए कोई बंदिश न हो।”
– मोदी सरकार की आयुष्मान भारत योजना की तारीफ करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि योजना ने देश के करोड़ों गरीबों को और गरीब होने से बचाया है। उनके 80 हजार करोड़ रुपये खर्च होने से बचाए हैं।
– उन्होंने कहा कि दशकों से किसान सरकारी की प्राथमकिता से वंचित रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की प्रतामकिता देश के 11 करोड़ छोटे किसान हैं और उन्हें समृद्ध करने के लिए हर तरह की कोशश की जा रही है।
– राष्ट्रपति ने यह भी कहा, “जनधन-आधार-मोबाइल से फर्जी लाभार्थियों को हटाने से लेकर वन नेशन वन राशन कार्ड तक, एक बहुत बड़ा स्थाई सुधार हमने किया है। बीते वर्षों में डीबीटी के रूप में, डिजिटल इंडिया के रूप में, एक स्थाई और पारदर्शी व्यवस्था देश ने तैयार की है।”