आम लोगों के लिए 15 से शुरू हो सकती है लोकल
11 और 12 दिसंबर को अधिकारियों की बैठक में निर्णय
मुंबई। कोरोना के कारण आम यात्रियों के लिए बंद पड़ी मुंबई लोकल एक बार फिर शुरु होने की कगार पर है। राज्य और शहर में लगातार कोरोना के केस घट रहे हैं, इस को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने आम यात्रियों के लिए एक बार फिर लोकल ट्रेन सर्विस शुरु करने का मन बनाया है। जल्द ही इस महत्त्वपूर्ण मुद्दे पर बैठक होने वाली है, जिसमें यह तय हो जाएगा कि आम यात्रियों के लिए लोकल सर्विस किस तारीख से शुरु हो रही है।
शहर के छोटे-बड़े चाय स्टालों से लेकर मॉल-होटल फिर से खुल गए हैं। सार्वजनिक, निजी एवं सरकारी सहित सभी क्षेत्रों में दैनिक लेनदेन चल रहा है। इससे यह स्पष्ट है कि मुंबईकर अब कोरोना के साथ रहने के आदी हो गए हैं।ट्रैफिक जाम से बचने और सस्ती यात्री सुविधा मुहैया कराने के मकसद से प्रशासन अब लोकल को आम यात्रियों के लिए शुरु करने की योजना अंतिम चरण पर है।
राज्य सरकार, मनपा और रेलवे अधिकारी अगले सप्ताह इस पर चर्चा करने के लिए आयोजित होने वाली बैठक में उपस्थित होंगे। प्रशासन 15 दिसंबर के बाद सभी के लिए लोकल सर्विस शुरु करने की तैयारी कर रहा है और इस बैठक पर मुहर लगने की संभावना है। इसके लिए कई सख्त दिशा निर्देश तैयार किए जा रहे हैं जिनका अनुपालन अनिवार्य होगा। सभी को लोकल में मास्क पहनना अनिवार्य होगा।
मनपा अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षित ठिकानों सहित अन्य नियमों को तोड़ने वालों पर बड़ा जुर्माना लगाया जाएगा। मुंबईकर जो छुट्टियां मनाने गांव गए हैं वे अब लौट रहे हैं। नतीजतन वर्तमान में नियंत्रण कोरोना फिर से नहीं बढ़ना चाहिए। प्रशासन इसके लिए एहतियात बरत रहा है। बैठक अगले सप्ताह के अंत में 11-12 दिसंबर को निर्धारित की गयी है। मनपा के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकानी ने कहा कि कोरोना की स्थिति की समीक्षा के बाद स्थानीय यात्रा पर निर्णय लिया जाएगा।