मुंबई में लगातार हो रही बारिश की वजह से शनिवार देर रात हुई लैंडस्लाइड की घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो गई। 17 लोगों ने चेंबूर इलाके में और 5 ने विक्रोली में जान गंवाई। चेंबूर हादसे में 16 लोगों को रेस्क्यू किया गया। यहां पांच मकान ढह गए। NDRF की टीम मलबा हटा रही है।
ग्रेटर मुंबई नगर निगम ने बताया कि चेंबूर हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। 2 घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, DCP (जोन 7) प्रशांत कदम ने बताया कि विक्रोली में गिरी इमारत के मलबे से 5 शव बरामद किए गए हैं। 5-6 और लोगों के फंसे होने की आशंका है।
चेंबूर में जिस जगह हादसा हुआ वहां संकरी गलियां हैं। यह कुछ ऊंचाई पर भी है। इसकी वजह से NDRF की टीम को वहां पहुंचने में मुश्किल आई। एंबुलेंस को तो बस्ती से कुछ बाहर ही खड़ा किया गया। यहां अभी राहत और बचाव का काम चल रहा है। इसमें स्थानीय लोगों की भी मदद ली जा रही है। एक चश्मदीद ने बताया कि हादसा शनिवार रात 12:30 बजे हुआ। मलबे में बच्चे भी दबे थे। हमने कई लोगों को मलबे से निकाला और घायलों को रिक्शे से अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में जान वालों के परिजनों को PMO ने PMNRF से 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों का मुफ्त इलाज करने का निर्देश दिया है।