नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के कारण आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इस बीच नेपाल के अछाम जिले के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को हुए भूस्खलन में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा 10 लोग लापता हैं और 10 को बचाया गया है। यहाँ अभी भी राहत बचाव के कार्य जारी है।
इस हादसे पर उप मुख्य जिला अधिकारी दीपेश रिजाल ने कहा कि, भूस्खलन के बाद अछाम जिले के विभिन्न इलाकों में बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। वहीं, 10 लोगों को इस आपदा से बचा लिया गया है।
आपदा के मद्देनजर गृह मंत्री बाल कृष्ण खांड ने खोज और बचाव कार्यों के लिए हेलीकॉप्टर तैनात करने के आदेश दिए हैं। नेपाल में इस वक्त लगातार भारी बारिश हो रही है। जिसके परिणामस्वरूप बाढ़ और भूस्खलन जैसी समस्या उत्पन्न हो गई है।
नेपाल पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात से लगातार बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण सुदूर पश्चिम में संपत्तियों का भारी नुकसान हुआ है। वहीं, पुलिस प्रवक्ता दान बहादुर कार्की ने कहा कि बचाव दल ने राजधानी काठमांडू से लगभग 450 किमी (281 मील) पश्चिम में अछाम जिले में कीचड़ में दबे पांच घरों के मलबे से मृतकों और घायलों को निकाला लिया है।
बता दें कि नेपाल के पहाड़ी इलाकों में अक्सर बाढ़ और भूस्खलन होता है, खासकर जून और सितंबर के बीच ये काफी बढ़ जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल में हर साल मानसून के मौसम में बाढ़ और भूस्खलन की समस्याओं से लोगों को जूझना पड़ता है। जिसके कारण देश के जान-माल का नुकसान झेलना पड़ता है।