स्वर कोकिला लता मंगेशकर की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। लताजी का इलाज कर रहे डॉक्टर प्रतीत समदानी के मुताबिक, उनकी हालत बेहद गंभीर है। वो फिलहाल वेंटिलेटर और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
बता दें कि कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें 8 जनवरी को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 92 साल की लता मंगेशकर की हालत में सुधार के बाद उन्हें वेंटिलेटर से हटा लिया गया था, लेकिन एक बार फिर उनकी तबीयत बिगड़ गई है। लता मंगेशकर के करोड़ों फैंस उनकी बेहतरी की दुआ कर रहे हैं और ट्विटर पर दुआओं का सिलसिला शुरू हो गया है।
कुछ दिनों पहले ही वेंटिलेटर से हटाया था
92 साल की लता मंगेशकर करीब महीनेभर से अस्पताल में एडमिट हैं। कुछ दिनों पहले ही उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट से हटाया गया था। हाल ही में उनकी तबीयत को लेकर महाराष्ट्र के स्वास्थ मंत्री राजेश टोपे (Rajesh Tope) का बयान सामने आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि लता जी ने कोरोना और निमोनिया को मात दे दी है। उनकी हालत में सुधार है। लेकिन अभी भी उन्हें आईसीयू में ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
लताजी की सेहत के लिए अयोध्या में हुआ यज्ञ
अयोध्या में लता मंगेशकर के स्वास्थ्य के लिए पूजा अर्चना की जा रही है। उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए तपस्वी छावनी में 40 दिनों तक लगातार राजसूय महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस यज्ञ की हाल ही में पूर्णाहुति हुई है। मुंबई में भी लता मंगेशकर के घर पर विशेष पूजा का आयोजन किया गया है। दीदी के जल्दी ठीक होने के लिए उनके घर पर शिव भगवान के रुद्र रूप की स्थापना की गई है।