मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने बिहार के दरभंगा से गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस ने स्थानीय थाने की मदद से मनीगाछी के ब्रह्मपुरा गांव से गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम राकेश कुमार मिश्रा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी ने सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल के लैंडलाइन पर कॉल कर अंबानी परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपी ने पूरे अस्पताल को बम से उड़ाने की भी धमकी दी थी। जिसके बाद से मुंबई पुलिस एक्टिव हो गई थी।
दरभंगा एसएसपी ने राकेश की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर मुंबई पुलिस का फोन आया था। उन्होंने सारी कहानी बताई। इसके बाद नंबर को ट्रेस किया तो वो दरंभगा का निकला। इसके बाद मुंबई पुलिस रात में यहां आई। सुबह 5 बजे मुंबई पुलिस ने रेड मारकर उसे घर से उठाया है। जिसके बाद उससे पूछताछ की जा रही है।
मुंबई पुलिस ने गुरुवार को बताया कि हमारी एक टीम ने बिहार के दरभंगा से धमकी भरे फोन कॉल मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है। आगे की पूछताछ के लिए उसे मुंबई लाया जा रहा है। मुंबई के जोन टू के डीसीपी नीलोत्पल ने कहा कि आरोपी को बुधवार आधी रात को पकड़ा गया था। बुधवार को दक्षिण मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल के लैंडलाइन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर धमकी दी थी।
वहीं गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि राकेश मानसिक रूप से बीमार है। राकेश का परिवार बहुत साधारण है। उसके पिता सुनील कुमार मिश्र बिहार इंटर काउंसिल में कार्यरत हैं। दूसरी ओर स्थानीय लोगों में गिरफ्तारी को लेकर आक्रोश है। उनका मानना है कि पुलिस को पहले राकेश मिश्र की मानसिक स्थिति को जानना चाहिए था।
बता दें कि बुधवार को रिलायंस फाउंडेशन के अस्पताल में एक अनजान नंबर से कॉल किया गया था। फोन करनेवाले की तरफ से रिलायंस इंडस्ट्री के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी सहित बच्चों को जान से मारने की धमकी दी गई। फोन करने वाले ने अस्पताल को भी उड़ाने की धमकी दी। जिसके बाद मुंबई पुलिस पूरी तरह एक्टिव हो गई।
गौरतलब है कि हाल ही में केंद्र सरकार ने मुकेश अंबानी को Z+ सुरक्षा कवर दिया है। पहले उन्हें Z कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई थी। बढ़े हुए खतरे को देखते हुए उनकी सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया गया था। मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी को Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है। धमकी दिए जाने के बाद पुलिस ने बुधवार को हॉस्पिटल और एंटीलिया की सुरक्षा बढ़ा दी थी।