मुंबई : रेलवे राज्यमंत्री रावसाहेब दानवे ने मंगलवार को दादर स्टेशन से कोंकण वासियों के लिए मोदी विशेष गणपति ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ट्रेन से आज मुंबई में रहने वाले 18 सौ कोंकणवासी गणेश पर्व मनाने के लिए अपने गांव गए। यह विशेष ट्रेन गणपति उत्सव तक चलेगी।
मंगलवार को मुंबई भारतीय जनता पार्टी ने दादर स्टेशन पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस मौके पर मुंबई के दादर स्टेशन पर सुबह मोदी विशेष गणपति ट्रेन को दुल्हन की तरह सजाया गया था।
रेलवे राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे आज मुंबई सीएसएमटी स्टेशन से लोकल ट्रेन में सफर करते हुए दादर पहुंचे। उन्होंने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस मौके पर मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगलप्रभात लोढ़ा, विधानपरिषद के नेता प्रतिपक्ष प्रवीण दरेकर, सांसद गोपाल शेट्टी, विधायक नीतेश नारायण राणे, कालीदास कोलंबकर आदि उपस्थित थे।