नेशनल हेराल्ड(National Herald Case) अखबार से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी आज एक बार फिर से ईडी दफ्तर पहुंची हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से ED की दूसरे दिन की पूछताछ करीब 2 घंटे से जारी है। उनके साथ ही दफ्तर में प्रियंका गांधी भी मौजूद रहेंगी, जो उनकी दवाएं लेकर गई हैं। हालांकि उन्हें उस कमरे में रहने की इजाजत नहीं होगी, जहां सोनिया गांधी से पूछताछ की जाएगी।
वहीं कांग्रेस के प्रदर्शन के मद्देनजर राजघाट के आसपास धारा 144 लगा दी गई है। सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ का विरोध लगातार जारी है। राहुल गांधी समेत कांग्रेस सांसदों ने संसद परिसर में गांधी प्रतिमा से विजय चौक की ओर मार्च किया।
वहीं पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस पूरे देश में ‘सत्याग्रह’ कर रही है। सोनिया गांधी से पूछताछ का विरोध लगातार तेज हो रहा है। खबर है कि राजधानी दिल्ली स्थित कार्यालय पर यूथ कांग्रेस ने हंगामा कर दिया है। इधर, पुलिस भी लगातार हालात नियंत्रित करने में जुटी हुई है। पुलिस ने कई सांसदों को हिरासत में लिया है।
राहुल गांधी समेत कई नेता हिरासत में
सांसदों और नेताओं के बाद पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को भी हिरासत में ले लिया गया है। विजय चौक पर जारी मार्च के दौरान वह धरने पर बैठ गए थे। तब पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया था, लेकिन राहुल सड़क पर डटे हुए थे। करीब 45 मिनट के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि सरकार न तो चर्चा कर रही है, ना बोलने दे रही है। राहुल ने कहा कि सभी सांसद यहां पर महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर बात की लेकिन ये (पुलिस) लोग हमें बैठने नहीं दे रहे हैं और हमें हिरासत में ले रहे हैं। राहुल के अलावा कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल, शक्ति सिंह गोहिल समेत कई सांसदों को हिरासत में लिया गया है।
हम तो शांतिपूर्ण विरोध कर रहे हैं: गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज कांग्रेस का राजघाट पर धरना प्रदर्शन था। भाजपा के लोग होते तो वे आगजनी करते, हम तो शांतिपूर्ण विरोध कर रहे हैं। आज अगर वहां प्रदर्शन होता तो ट्रैफिक में कोई बाधा नहीं आती। हमारी खुद के पार्टी मुख्यालय के अंदर इंट्री बंद है। देश का हर नागरिक डरा हुआ है। बार-बार सोनिया जी को बुलाना… क्या पूछताछ करते हैं? इन्हें क्यों टारगेट बना रहे हैं?
विपक्ष को खत्म करना चाहते हैं मोदी जी: खड़गे
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि ये मोदी जी और अमित शाह जी की साजिश है कि विपक्ष को खत्म करना और हमारी आवाज बंद करना है। हम इससे डरने वाले नहीं है..हम लड़ते रहेंगे।
राजघाट जाने से पुलिस ने रोका : अजय माकन
कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस कांग्रेस के बड़े नेताओं को राजघाट भी नहीं जाने दे रही है। हमें प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है।
कांग्रेस को लगता है डकैती करना अधिकार: संबित पात्रा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस को लगता है कि ‘डकैती’ करना उसका हक है और किसी को उस पर सवाल नहीं उठाना चाहिए। पात्रा ने ‘नेशनल हेराल्ड’ समाचार पत्र से जुड़े धनशोधन के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ किए जाने के खिलाफ ‘सत्याग्रह’ करने को लेकर पार्टी की निंदा की।
नेशनल हेराल्ड केस क्या है?
नेशनल हेराल्ड केस का मामला सबसे पहले भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने 2012 अगस्त 2014 में ED ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया। केस में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के ही मोतीलाल वोरा, ऑस्कर फर्नांडीज, सैम पित्रोदा और सुमन दुबे को आरोपी बनाया गया था।
राहुल गांधी से 5 बार पूछताछ कर चुकी है ED
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ED 5 बार पूछताछ कर चुकी है। उनसे करीब 40 घंटे तक सवाल-जवाब किए गए थे। अब सोनिया गांधी की पेशी हो रही है। ऐसा पहली बार हो रहा है कि जब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को जांच में शामिल होने के लिए पेश होना पड़ रहा है।