पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दूसरी बार शादी की घोड़ी पर चढ़ने वाले हैं। गुरुवार यानि सात जुलाई को चंडीगढ़ में वे डॉक्टर गुरप्रीत कौर से शादी के बंधन में बंधने वाले है। चंडीगढ़ के सेक्टर 8 के गुरुद्वारे में सादे तरीके से विवाह की रस्में संपन्न की जाएंगी और खास मेहमान ही इसमें शामिल होंगे।
बता दें कि मान की पहली शादी टूट चुकी है। इस शादी से उन्हें 2 बच्चे हैं। मान की पहली पत्नी और बच्चे अमेरिका में रहते हैं। मान का अपनी पहली पत्नी से 6 साल पहले तलाक हो चुका है। जब मान ने सीएम पद की शपथ ली थी, तब उनके दोनों बच्चे अमेरिका से शपथ ग्रहण समारोह में आए थे। मान की मां की ये इच्छा थी कि वह अपना घर बसाएं। मान के लिए नई दुल्हन खुद उनकी मां और बहन ने चुनी है।
खबरों के मुताबिक भगवंत मान की शादी की तैयारियों की पूरी जिम्मेदारी राघव चड्ढा के पास है, जो पंजाब के आम आदमी पार्टी के प्रभारी भी हैं। इस शादी में यूं तो ज्यादा लोगों को आमंत्रित नहीं किया गया है, लेकिन आम आदमी पार्टी के ज्यादातर शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी इस मौके पर रहेंगे।
कौन हैं गुरप्रीत कौर
भगवंत मान की होने वाली दुल्हनिया गुरप्रीत कौर के बारे में बताया जा रहा है कि वे काफी वक्त से मान फैमिली को जानती हैं। इसलिए गुरप्रीत कौर और भगवंत मान के बीच रिश्ते फाइनल होने में ज्यादा वक्त नहीं लगा। भगवंत मान की होने वाली पत्नी एक सिख बताई जा रही है। डॉक्टर गुरप्रीत कौर पंजाब के एक आम परिवार से ताल्लुक रखती हैं।
गुरप्रीत और भगवंत मान दोनों एक दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। गुरप्रीत कौर कौन हैं, इस बारे में ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन यह बताया गया है कि वह अतीत में अक्सर भगवंत मान से मिलने उनके घर जाया करती थी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है वो उनकी मित्र रही है।
इंद्रप्रीत कौर से हुई थी पहली शादी
भगवंत मान की पहली शादी इंद्रप्रीत कौर के साथ हुई थी। भगवंत मान के बेटे दिलशान मान (17) और बेटी सीरत कौर मान (21) अमेरिका में अपनी मां इंद्रप्रीत कौर के साथ रहते हैं। 20 मार्च 2015 को भगवंत मान और इंद्रप्रीत कौर ने कोर्ट में आपसी सहमति से तलाक की अर्जी लगाई थी। इस अर्जी में मान का तर्क था कि वे राजनीति के चलते अपनी पत्नी से तलाक ले रहे हैं। लोगों ने विश्वास से उन्हें चुना है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक कोर्ट में दी गई अर्जी में भगवंत मान की पत्नी ने शर्त रखी थी कि वे अगर मान भारत छोड़कर कैलिफोर्निया शिफ्ट हो जाते हैं तो तलाक की अर्जी वापस ले लेंगी। दूसरी ओर मान राजनीति छोड़कर विदेश नहीं जाना चाहते थे। मान का तर्क था कि वे लोगों का विश्वास नहीं तोड़ सकते। अगर उनकी पत्नी उनके साथ भारत में सैटल होना चाहती हैं तो वे तलाक की अर्जी वापस ले लेंगे।
भगवंत मान ने अपने तलाक का कारण अपने फेसबुक पेज पर भी शेयर किया था। इमसें उन्होंने लिखा था, ‘जो लटका समय से था वह हल हो गया, कोर्ट विच्च फैसला यह कल हो गया, इक पासे परिवार, दूजे पासे सी पंजाब, मै तो यारो अपने पंजाब वल्ल हो गया।’