कांग्रेस (Congress) द्वारा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के दौरान सुरक्षा में चूक का जिक्र करने के एक दिन बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने बयान दिया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कई मौकों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया है। सीआरपीएफ ने गृह मंत्रालय को बताया है कि राहुल गांधी ने 2020 से अब तक 113 बार सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन किया है। ऐसा भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी हुआ है।
दरअसल कांग्रेस ने केंद्र सरकार से भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। इसको लेकर पार्टी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा था। उन्होंने कहा था कि दिल्ली में राहुल की सुरक्षा में कई बार चूक हुई है। इस मामले में आईबी ने यात्रा में शामिल लोगों से पूछताछ की है।
कांग्रेस की चिट्ठी का जवाब देते हुए सीआरपीएफ ने गुरुवार को कहा कि व्यवस्था पूरी तरह से निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार की गई है। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति के लिए सुरक्षा तब काम करती है जब सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करता है। 2020 के बाद से राहुल गांधी द्वारा सुरक्षा दिशानिर्देशों का 113 बार उल्लंघन किया गया है। सरकारी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली चरण के दौरान खुद राहुल गांधी सुरक्षा दिशानिर्देशों का उल्लंघन कर रहे थे।
सीआरपीएफ सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी ने अपनी यात्रा के दौरान कई बार सुरक्षा गाइडलाइन को तोड़ा। ये कई मौकों पर हुआ। इस बारे में राहुल गांधी को समय-समय पर जानकारी भी दी गई थी। सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कई बार नियमों की अवहेलना करते दिखे। 2020 से ही राहुल ने करीब 113 बार सुरक्षा नियमों को धता बताते हुए नियम तोड़ा। इस बारे में उन्हें बताया भी गया था। राहुल गांधी के लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाती है। सीआरपीएफ राज्य पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर राहुल की यात्रा के दौरान पुख्ता व्यवस्था करती है।
कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखा था पत्र
कांग्रेस ने बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिख कर दावा किया कि दिल्ली में 24 दिसंबर को भारत जोड़ो यात्रा की सुरक्षा में सेंध लगी और पुलिस राहुल गांधी के इर्द-गिर्द भीड़ को नियंत्रित कर घेरा बनाने में नाकाम रही जबकि उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने पत्र में यह आग्रह भी किया कि अब आगे पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील राज्यों में राहुल गांधी और यात्रा की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में 24 दिसंबर को स्थिति यह हो गई थी कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और यात्रियों को राहुल गांधी के आसपास घेरा बनाना पड़ा था। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी तथा कुछ अन्य कांग्रेस नेताओं की अतीत में हुई हत्या का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार को प्रतिशोध की राजनीति में नहीं पड़ना चाहिए और कांग्रेस नेताओं की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
कन्याकुमारी से 7 सितंबर को शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा से गुजर चुकी है और फिलहाल दिल्ली में विश्राम के दौर में है। जनवरी के शुरू में यात्रा के उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब होते हुए जम्मू-कश्मीर जाने का कार्यक्रम है।