कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज 9 दिन के ब्रेक के बाद फिर शुरू हो गई है। राजधानी दिल्ली के मरघट हनुमान मंदिर, यमुना बाजार, कश्मीरी गेट से मंगलवार को राहुल गांधी की पदयात्रा शुरू हुई। यह यात्रा आज दोपहर बाद यूपी पहुंची। आज भारत जोड़ो यात्रा का 109वां दिन है। यूपी में राहुल गांधी तीन जिलों में जाएंगे।
इस दौरान प्रियंका गांधी भी राहुल के साथ पदयात्रा करती नजर आईं। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक दिखाई दिए। यात्रा के मद्देनजर यमुना बाजार से लेकर पूरे रूट पर जबरदस्त सुरक्षा व्यवस्था है। यात्रा हनुमान मंदिर, यमुना बाजार वाले मरघट वाले बाबा से लोहे के पुल से होते हुए शास्त्री पार्क , सीलमपुर, गोंडा होते हुए गोकुल पुरी होते हुए लोनी की तरफ से आगे बढ़ी।
कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को गाजियाबाद के लोनी में अपने भाई का स्वागत करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी की छवि को खराब करने के लिए सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च किए, लेकिन ये सच्चाई से पीछे नहीं हटे।
देश के शीर्ष उद्योगपतियों का नाम लेते हुए प्रियंका ने राहुल की जमकर तारीफ की, उन्होंने कहा कि अडानी जी और अंबानी जी ने देश के सारे नेताओं को खरीद लिया लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए और ना कभी खरीद पाएंगे। यूपी में भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत करते हुए प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में राहुल गांधी को योद्धा बताते हुए कहा कि राहुल आज मोहब्बत की दुकानें खोल रहे हैं, मुझे मेरे भाई पर गर्व है।
उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा 130 किमी का सफर तय करेगी और पश्चिमी यूपी के 3 जिलों से गुजरेगी. यात्रा जिन तीन जिलों से होकर गुजरेंगी उसे जाटलैंड के नाम से जाना जाता है। इन जिलों में जाट समुदाय के लोगों की संख्या बड़ी संख्या में है। जाटलैंड में सालों से सुस्त पड़ी कांग्रेस में राहुल गांधी जान फूंकते नजर आएंगे. अपने तीन दिनों यात्रा में यूपी के तीन लोकसभा सीटें और 11 विधानसभा क्षेत्रों की साधने की कवायद करेंगे. पदयात्रा गाजियाबाद, बागपत और शामली जिले की 11 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी. यूपी में राहुल गांधी के साथ-साथ कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी और किसान नेता राकेश टिकैत भी पदयात्रा करते नजर आएंगे।