देश की सबसे तेज ट्रेन वंदे भारत शनिवार को हादसे का शिकार हो गई। ये हादसा गुजरात के अतुल रेलवे स्टेशन के पास हुआ, जब मुंबई से गांधीनगर जा रही ट्रेन के सामने बैल आ गया। टक्कर से ट्रेन का आगे का हिस्सा टूट गया। हालांकि, कुछ देर रुकने के बाद ट्रेन फिर रवाना कर दी गई। एक माह में यह तीसरी घटना है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने एक बयान में कहा, ट्रेन मुंबई सेंट्रल से गांधीनगर की यात्रा पर जा रही थी। सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना सुबह करीब 8:17 बजे बताई जा रही है। घटना के बाद ट्रेन करीब 15 मिनट तक रुकी रही। ट्रेन को कोई नुकसान नहीं हुआ है, सिवाय फ्रंट कोच यानी ड्राइवर कोच के नोज कॉन कवर का हिस्सा टूट गया है। ट्रेन सुचारू रूप से चल रही है। इसे जल्द से जल्द ठीक कर लिया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि पश्चिम रेलवे ने मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर इंजन के टूटे हुए हिस्से को ठीक करने के लिए निर्देशित किया है, जो शाम तक कर लिया जाएगा। जब ट्रेन मुंबई वापस आएगी।
पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि दहानू रोड स्टेशन के बाद रेलवे ट्रैक पर बैरिकेड्स नहीं होने के कारण मवेशी ट्रैक में घुस जाते हैं। रेलवे ट्रैक के निकट के गांवों में पश्चिम रेलवे द्वारा पशुओं को रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि वह भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सभी कदम उठा रहे हैं।
6 अक्टूबर को भैंसों के झुंड से टकराई
बता दें कि वंदे भारत एक्सप्रेस के साथ जानवरों के टकराने का ये कोई पहला मामला नहीं है। वंदे भारत इससे पहले भी दो बार हादसे का शिकार हो चुकी है। गौरतलब है कि बीते 6 अक्टूबर को भी भारत की हाइस्पीड ट्रेन वंदे भारत सुबह 11 बजकर 18 मिनट पर हादसे का शिकार हो गई थी। ट्रेन वटवा और मणिनगर स्टेशन के नजदीक भैंसों के झुंड से टकरा गई थी। ये ट्रेन मुंबई से अहमदाबाद जा रही थी।
इस हादसे में ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इस मामले में भैंसों के मालिक के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई थी। हादसे के बाद ट्रेन को 20 मिनट तक रोकना पड़ा था। उसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
7 अक्टूबर को गाय से टकराई वंदे भारत
वंदे भारत एक्सप्रेस 7 अक्टूबर को फिर हादसे का शिकार हो गई थी। ये हादसा ट्रैक पर मवेशियों के झुंड के आने की वजह से हुआ। हादसा मुंबई से लगभग 32 किलोमीटर की दूरी पर आणंद के करीब दोपहर 3 बजकर 48 मिनट पर हुआ था। गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस गाय से टकरा गई थी। हालांकि ट्रेन को इससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। सभी यात्री भी सुरक्षित थे।
देश की पहली हाई स्पीड ट्रेन है वंदे भारत एक्सप्रेस
देश की पहली हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस अभी तीन रूटों पर चल रही है। दिल्ली से वाराणसी, दिल्ली से कटरा और अभी 30 सितंबर को ही गुजरात के गांधी नगर से मुंबई के लिए वंदे एक्सप्रेस की सेवा शुरू हुई है। वंदे भारत एक्सप्रेस देश की सबसे तेज गति वाली ट्रेन है। इसकी गति सीमा 180 किलोमीटर प्रति घंटे है। आने वाले कुछ माह में ही यह 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने लगेगी।
वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों की सुरक्षा और आराम का खास ख्याल रखा गया है। इसमें रिक्लाइनिंग सीट लगाई गई है. इसमें ऑटोमैटिक फायर सेंसर की व्यवस्था की गई है. इसमें CCTV कैमरे, वाईफाई सुविधा के साथ अपग्रेडेड ट्रेन में तीन घंटे का बैटरी बैकअप भी है।