दिल्ली से सटे नोएडा में सेक्टर- 21 स्थित जलवायु विहार में एक दीवार ढहने से चार लोगों की मौत हो गई है। मलबे में दबे 8 लोगों को बाहर निकालकर हॉस्पिटल ले जाया गया है. दीवार के बगल में नाली बनाने का काम चल रहा था और अचानक से दीवार के गिरने से से हादसा हो गया। अभी 3 जेसीबी के सहारे ईंट हटाने का काम किया जा रहा है। मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश जारी है।
हादसे के बाद घटना स्थल के आसपास चीख पुकार मच गई। कंट्रोल रूम पर हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब एक घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में घायल दो कामगार को सेक्टर-27 स्थित कैलाश अस्पताल और दो कामगरों को सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने घायल कामगारों को मृत घोषित कर दिया।
जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बताया, “नोएडा प्राधिकरण की ओर से नाले की सफाई के लिए कॉन्ट्रैक्ट दिया गया था। मजदूर नाले की सफाई का काम कर रहे थे। ईंट निकालने के दौरान नाले की तरफ की दीवार गिरी। इसमें काम करने वाले 12 मजदूर दब गए। इसमें दो लोगों को जिला अस्पताल और दो को कैलाश अस्पताल लाया गया था। डॉक्टर्स ने चारों को मृत घोषित कर दिया। 8 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ठेकेदार अनुज यादव फरार है। पूरे मामले की जांच की जाएगी।”
नाले से सटी हुई है दीवार
जो दीवार गिरी है वो नाले से सटी हुई है। बीते 5 दिनों से नाले की सफाई का काम किया जा रहा है। जिसमें 12 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक दीवार भर भराकर गिर गई। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी राजीत त्यागी ने बताया, “ये दीवार जलवायु सहकारी आवास समिति ने करीब 25 साल पहले बनाई थी। इसका रखरखाव नहीं किया जा रहा था। ऐसे में दीवार की नींव कमजोर हो गई थी, जिससे ये अचानक से भरभरा कर गिर गई।”
योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
सीएम योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में दीवार गिरने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तत्काल पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके उपचार की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।