मुंबई का सं यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान के तत्वावधान में प्रत्येक वर्ष दिए जाने वाले ‘यशवंतराव चव्हाण राज्य स्तरीय पारितोषिक’ के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। यह पुरस्कार महाराष्ट्र के लोगों अथवा संस्था को ही प्रदान किया जाता है। वर्ष 2020 के लिए यह पुरस्कार कृषि-औद्योगिक समाज रचना व्यवस्थापन, प्रशासन, सामाजिक एकात्मता, विज्ञान-तंत्रज्ञान, ग्रामीण विकास, मराठी साहित्य व संस्कृति के क्षेत्र में महाराष्ट्र में उल्लेखनीय और प्रेरक कार्य करने वाले व्यक्तियों अथवा संस्थाओं को दिया जाएगा।
पुरस्कार के अंतर्गत चयनित विजेताओं को नकद 2 लाख रुपये के साथ सम्मान पत्र प्रदान किया जाता है। इस स्पर्धा में भाग लेने के इच्छुक उम्मीदवार या संस्थाएं अधिक जानकारी तथा पुरस्कार की नियमावली जानने के लिए दक्षिण मुंबई के नरीमन पॉइंट, जनरल जगन्नाथराव भोसले मार्ग स्थित यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। पुरस्कारों के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर है। यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र के प्रथम मुख्यमंत्री थे। उन्हें आधुनिक महाराष्ट्र का शिल्पकार के रूप में जाना जाता है।