हत्या और दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक माह की पेरोल मिल गई है। राम रहीम अब एक माह तक बागपत के बरनावा आश्रम में रहेंगे। इस बीच उनके आश्रम की सुरक्षा व्यवस्था को और भी कड़ा कर दिया गया है। वहां से उसने अपने समर्थकों यानी संगत के लिए रिकॉर्डेड वीडियो जारी किया है। उसने लोगों से घरों में ही रहने और प्रशासन के निर्देश मानने को कहा है।
रोहतक जेल से पैरोल मिलने के बाद गुरमीत राम रहीम ने बरनावा आश्रम में रहने की मांग की थी। जिसके बाद बिनौली थाना क्षेत्र अंतर्गत इस आश्रम की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। उनके खिलाफ बागपत में कोई भी मामला फिलहाल नहीं है।
रोहतक की सुनारिया जेल से कड़ी सुरक्षा के भीतर बाहर आए गुरमीत राम रहीम बागपत के डेरा सच्चा सौदा आश्रम पहुंचे। इस बीच थाना बिनौली इंस्पेक्टर की ओर से जानकारी दी गई कि गुरमीत पेरोल पर बरनावा पहुंच चुके हैं। उनके आने की सूचना मिलने के साथ ही आश्रम की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है।
वहीं गुरमीत के आश्रम पहुंचने के बाद उनके अनुयायियों की खुशी का ठिकाना नहीं है। गुरमीत को जेल से लेने के लिए उनके चचेरे भाई चरणजीत और हनीप्रीत पहुंची हुई थी। उनके साथ ही राम रहीम बागपत के लिए रवाना हो गए। हरियाणा सरकार की ओर से रामरहीम को एक महीने की पैरोल दी गई है। इससे पहले भी कई बार राम रहीम पैरोल और फरलो पर जेल से बाहर आ चुका है।
फरवरी में 21 दिन की मिली थी पैरोल
हरियाणा सरकार बीते कुछ समय से लगातार डेरा प्रमुख को पैरोल पर बाहर निकाल रही है। इससे पहले फरवरी में राम रहीम की 21 दिन की पैरोल दी गई थी।
इस दौरान सरकार ने राम रहीम की जान का खतरा बताते हुए उसे जेड प्लस की सुरक्षा मुहैया करवाई थी। फरलो के दौरान राम रहीम ज्यादातर समय अपने गुरुग्राम स्थित आश्रम में ही रहा था।
इन मामलों में सजा काट रहा डेरा चीफ
डेरा चीफ राम रहीम को CBI की विशेष कोर्ट ने 2 साध्वियों से यौन उत्पीड़न के मामले में 25 अगस्त 2017 को सजा सुनाई थी। इसके साथ ही पंचकूला में हिंसा के बाद राम रहीम को सुनारिया जेल में भेजा गया था। तब से ही डेरा चीफ जेल में बंद है।
इसके अलावा गुरमीत को पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में भी सजा सुनाई गई थी। इन सभी मामलों में सजा के बाद से ही वो जेल में बंद है। हालांकि कोई न कोई कारण बताकर वो आए दिन पैरोल पर बाहर आ जाता है। इस बार उसे सबसे ज्यादा दिनों की पैरोल मिली है।