हरियाणा के फतेहाबाद जिले से सनसनी घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, एक शख्स ट्रेन में 30 वर्षीय महिला से छेड़छाड़ कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने महिला को चलती ट्रेन से धक्का मारकर फेंक दिया। इस घटना में महिला की मौत हो गई। घटना के समय उसका 9 साल का बेटा भी साथ था।
घटना बेटे के सामने हुई. बच्चे ने टोहाना स्टेशन पर पहुंचने के बाद पिता को घटना की जानकारी दी. ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर पिता ने बच्चे को अकेला रोते हुए देखा. पुलिस ने बताया कि बच्चे ने पिता को घटना के बारे में बताया. मृतक की पहचान मंदीप कौर (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मंदीप को धक्का देने के बाद आरोपी संदीप भी ट्रेन से कूद गया था। उसे जख्मी हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। इलाज के बाद वह अपने घर कालवन चला गया, लेकिन जब वारदात का पता चला तो शुक्रवार को केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना कस्बे के पास हुई है। फतेहाबाद पुलिस प्रमुख आस्था मोदी ने बताया कि ट्रेन के डिब्बे में तीन यात्री ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि आरोपी नरवाना से ट्रेन पर चढ़ा था। वह नशे में बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, महिला को अकेले यात्रा करते देख आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। जिसका महिला ने विरोध किया वह महिला से मारपीट करने लगा। प्रत्यक्षदर्शी बच्चे का हवाला देते हुए पुलिस ने कहा कि आरोपी ने बच्चे की मां को ट्रेन से धक्का दिया और खुद कूद गया।
मंदीप कौर के पति हरजिंदर ने बताया कि उसकी पत्नी पिछले कुछ दिनों से मायके में रह रही थी। 1 सितंबर की रात को वह ट्रेन से टोहाना के लिए वापस आ रही थी। टोहाना से करीब 15 से 20 किलोमीटर दूर पहुंचने पर महिला ने पति को फोन कर कहा कि वह स्टेशन पहुंचने वाली है, उसे रिसीव करने पहुंचे। हरजिंदर स्टेशन पर पत्नी और बेटे का इंतजार कर रहा था। ट्रेन रुकी लेकिन, बच्चे को रोते हुए देखकर हरजिंदर ने मां कहां है पूछा?जवाब में बच्चे ने कहा कि ट्रेन में एक आदमी ने मां से बदतमीजी की और गुस्सा करने पर उसने मां को ट्रेन से नीचे फेंक दिया।
बच्चे की बात सुनकर अवाक हो चुके हरजिंदर ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आज सुबह महिला के शव को बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।