चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर तारीखों की घोषणा कर दी है। हिमाचल प्रदेश में एक ही चरण में सभी सीटों पर चुनाव संपन्न कराये जाएंगे। मतदान 12 नवंबर को होंगे, जबकि नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। चुनाव की अधिसूचना 17 अक्टूबर को जारी हो जाएगी। जबकि 25 अक्टूबर नामांकन की आखिरी तारीख है।
वहीं 27 अक्टूबर को चुनाव आयोग नामांकन पत्रों की जांच करेगा, जबकि 29 अक्टूबर नामांकन वापसी की आखिरी तारीख है। 12 नवंबर को चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे, जबकि 8 दिसम्बर को वोटों की गिनती होगी और नतीजों की घोषणा होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने 14 अक्टूबर को नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की।
प्रेस कॉफ्रेंस में चुनाव आयुक्त ने बताया कि आयोग फ्री, फेयर, चुनाव के लिए प्रतिबद्ध है। वोटर आराम से वोट कर सके, यंग और बुर्जुग मतदाता बूथ तक पहुंचे, इस पर विशेष तैयारी की गई है। चुनाव आयुक्त ने बताया कि वोटिंग वाले राज्यों में नामांकन के दिन तक नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सकता है। साथ ही अन्य राज्यों के लिए पूरे साल में चार बार नए वोटरों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
हर पोलिंग स्टेशन पर दिव्यांगों के लिए रैंप, बिजली, शेड, पेयजल आदि की सुविधा होगी। महिलाओं के सशक्तिकरण को दर्शाने के लिए पिंक बूथ बनाया जाएगा। साथ ही कुछ बूथ केवल दिव्यांग कर्मियों द्वारा संचालित किए जाएंगे। ज्यादा से ज्यादा मतदाता बूथ तक पहुंचे इसकी पूरी तैयारी की गई है।
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं। हिमाचल में 2017 में सिर्फ एक चरण में नौ नवंबर को मतदान हुआ था। वर्तमान में राज्य में 53 लाख 76 हजार 77 रजिस्टर्ड मतदाता हैं। पिछली बार यहां 75.28 फ़ीसदी मतादान हुआ था।
हिमाचल प्रदेश में इस समय भाजपा की सरकार है। जयराम ठाकुर यहां मुख्यमंत्री है। चुनावी इतिहास को देंखे तो यहां कांग्रेस मुख्य विपक्षी पार्टी रही है। लेकिन इस बार यहां आम आदमी पार्टी भी पूरी मजबूती से मैदान में उतर रही है।