केजरीवाल उच्च शिक्षित तो ठाकरे हैं 12वीं पास, अधिकांश सीएम ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट
मुंबई : पढ़े लिखे मुख्यमंत्रियों की बात करें तो इसमें सबसे पहला नाम दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) का आता है। उन्होंने आईआईटी खड़गपुर से बीटेक किया है। वहीं कई राज्यों के सीएम ऐसे भी हैं जो ग्रेजुएट हैं। हर राज्य की जनता चाहती है कि उनके राज्य की कमान संभालने वाला नेता पढ़ा लिखा हो।
ऐसा देखने को भी मिला है कि कई राज्यों के मुख्यमंत्री काफी ज्यादा पढ़े लिखे हैं। पढ़े लिखे नेताओं की बात करें तो इसमें अरविंद केजरीवाल से लेकर योगी आदित्यनाथ तक का नाम शामिल है। अरविंद केजरीवाल ने आईआईटी खड़गपुर से बीटेक किया है तो वहीं योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने ग्रेजुएशन किया है। आज बात 10 राज्यों के मुख्यमंत्री के बारे में करेंगे और जानेंगे कि कितने एजुकेटेड हैं राज्य की कमान संभालने वाले ये राजनेता।
नीतीश कुमार- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ग्रेजुएट हैं। उन्होंने बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से बीएससी किया है।
योगी आदित्यनाथ- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ग्रेजुएट हैं। उन्होंने एच.एन.बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय से बीएससी की डिग्री हासिल की है।
अरविंद केजरीवाल- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। उन्होंने आईआईटी खड़गपुर से बीटेक किया है।
अमरिंदर सिंह- पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह (Captain Amrinder Singh) भी ग्रेजुएट हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा दून स्कूल से की है। इसके बाद उनका सलेक्शन एनडीए में हो गया जिसके बाद उन्होंने आईएमए से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की।
अशोक गहलोत- राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) पोस्ट ग्रेजुएट हैं। गहलोत ने इकोनॉमिक्स में एमए किया है। इसके साथ ही उन्होंने एलएलबी , बी.एससी की डिग्री हासिल की।
उद्धव ठाकरे- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) 12वीं पास हैं।
नवीन पटनायक – ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक (Naveen Patnaik) ग्रेजुएट हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए की पढ़ाई की है।
जयराम ठाकुर- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर (Jai Ram Thakur) ने ग्रेजुएशन किया है। उन्होंने वल्लभ गवर्मेंट डिग्री कॉलेज से स्नातक किया है।
भूपेश बघेल- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। उन्होंने पी. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर से स्नातक और स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की।
शिवराज सिंह चौहान- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) पोस्ट ग्रेजुएट हैं। शिवराज सिंह चौहान ने साल 1982-83 में हमीदिया कॉलेज भोपाल विश्वविद्यालय से एम.ए की डिग्री हासिल की।