पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां भारतीय सेना की गाड़ी पलटने से 16 जवान शहीद हो गए। इस हादसे में घायल चार जवानों को तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए एयरलिफ्ट किया गया। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उत्तरी सिक्किम के जेमा इलाके में यह भीषण सड़क दुर्घटना हुई है।
हादसा उस वक्त हुआ जब एक तीव्र मोड़ पर सेना का वाहन तेज ढलान पर फिसल गया। हादसे की जानकारी मिलते ही फौरन मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। चार घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। दुर्भाग्य से तीन जूनियर कमीशंड ऑफिसर और 13 जवानों की इस हादसे में बुरी तरह जख्मी होने से मौत हो गई।
भारतीय सेना के मुताबिक, ट्रक तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था, जो सुबह चाटेन से चला था और थंगू की ओर जा रहा था। सेना ने कहा, ‘उत्तरी सिक्किम के जेमा में 23 दिसंबर को सेना के एक ट्रक के साथ हुए दुखद सड़क हादसे में भारतीय सेना के 16 बहादुरों की जान चली गई है।’
रक्षा मंत्री ने जताया गहरा दुख
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस घटना पर गहरा शोक जताया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से उन्हें गहरा दुख है। उन्होंने कहा, ‘शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और PM मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के वीर जवानों की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया। पीएम ने कहा कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।