इलेक्शन कमिशन ने सोमवार को 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारिख घोषित कर दी। महाराष्ट्र, बिहार, हरियाणा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। 3 नवंबर को चुनाव होंगे और 6 नवंबर को रिजल्ट आएंगे। नॉमिनेशन करने की आखिरी तारीख 14 अक्टूबर है । 17 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
छह राज्यों की जिन सात सीटों पर विधानसभा के चुनाव होने हैं। वो महाराष्ट्र में अंधेरी पूर्व, बिहार में मोकामा और गोपालगंज विधानसभा सीट हैं। इसके साथ ही हरियाणा में हिसार लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली आदमपुर विधानसभा सीट और तेलंगाना में मुनुगोड विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा हुई है। वहीं, चुनाव आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश में गोला गोकर्णनाथ और ओडिशा में धामनगर सीट में उपचुनाव का एलान किया गया है।
क्यों खाली हुईं सीटें?
बिहार की गोपालगंज सीट भाजपा नेता सुभाष सिंह के निधन के बाद खाली हुई है। मोकामा विधानसभा सीट से राजद के अनंत सिंह चुनाव जीते थे। घर में AK-47 रखने के आरोप में उन्हें आरोपी करार दिया गया और उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई। अब यह सीट खाली है। वहीं, यूपी के लखीमपुर खीरी जिले की गोला गोकर्ण नाथ सीट विधायक अरविंद गिरि के निधन से खाली हुई है।
अगर हरियाणा की बात करें तो यहां की आदमपुर विधानसभा सीट कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई। बिश्नोई कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो गए। महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट से शिवसेना के रमेश लटके जीते थे, लेकिन उनका निधन होने के बाद से सीट खाली है।