भ्रष्ट अधिकारियों पर शिकंजा
अब भ्रष्ट अधिकारियों पर कसेगा शिकंजा
गृहमंत्री शाह ने लिखा सभी राज्यों को पत्र
मुंबई, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बीमारी से उबरने के बाद एक बार फिर से सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों और संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ चल रही जांच में तेजी लाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘भ्रष्टाचार मुक्त भारत’ की संकल्पना को अमलीजामा पहनाने के उद्देश्य से कदम उठाते हुए पत्र लिखा है।
उत्तर मुंबई के भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी ने देश के गृहमंत्री अमित शाह के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ चल रही जांच को तय समय सीमा में पूर्ण करने की सख्त हिदायत से अनेक लटकी परियोजनाओं में गति आएगी। वैसे भी अमित शाह असंभव कानून को बनाने और उसे लागू कराने के लिए जाने जाते हैं। भ्रष्टाचार या किसी मामले में चल रही कार्यवाही की समय सीमा के भीतर मामले का फैसला होना, देशहित में सदियों तक याद रखा जाने वाला कानून साबित होगा। इससे देश में निश्चित ही नई क्रांति आएगी। आज एसआरए, म्हाडा, मनपा समेत अनेक विभागों में अनेक योजनाएं इस लिए लंबित हैं कि उच्च अधिकारी अड़ंगा डालकर बैठे हैं। आज लाखों की संख्या में फ्लैट बनकर सालों से खाली पड़े हैं उनका आबंटन नहीं किया जा रहा है।