त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिपल्व देव ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को अपना इस्तीफा सौंप दिया। बिपल्व के इस्तीफे के बाद अब नए नेता के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के विधायकों की बैठक चल रही है। जिसमें नए नेता का चुनाव किया जाएगा। बिप्लब कुमार देव के अचानक इस्तीफे की खबर ने राष्ट्रीय राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।
त्रिपुरा पहुंचे केंद्रीय मंत्री और भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक भूपेंद्र यादव ने कहा कि रात आठ बजे विधायक दल की बैठक होगी। सूत्रों ने बताया कि भाजपा विधानसभा चुनाव में नए चेहरे के साथ उतरना चाहती है और बिप्लब देव को सांगठनिक कार्य में लगाया जाएगा। देब को बदलने के लिए एक नए नेता के फैसले की घोषणा शाम को होने की संभावना है। नए नेता का चुनाव किया जाएगा।
राज्यपाल को इस्तीफा सौपने के बाद मीडिया से बात करते हुए बिप्लब कुमार देव ने कहा- पार्टी हर चीज से बड़ी है। मैने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी के लिए काम किया। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और फिर सीएम रहते हुए मैने त्रिपुरा की जनता के साथ इंसाफ करने की कोशिश की। मैने राज्य में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करते हुए कोरोना काल के दौरान उसके असर से राज्य को मुक्त रखने का प्रयास किया।
अपने इस्तीफे को लेकर उन्होंने कहा- हर चीज एक तय वक्त के लिए ही आती है। हम भी उस तय वक्त के भीतर ही काम करते हैं। मुझे सीएम या किसी और पद पर कही भी भेजा जाता है तो मैं उसके लिए तैयार हूं।
बिप्लब कुमार देब ने 2018 में त्रिपुरा में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के 25 साल के शासन को समाप्त करते हुए राज्य में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। राज्य में विधानसभा का चुनाव भी फरवरी 2023 में होना है। इससे पहले भाजपा अपनी तैयारी में जुट गई है।
सूत्रों के अनुसार पार्टी आलाकमान की ओर से ही बिपल्व देव से इस्तीफा मांगा गया था। उल्लेखनीय हो कि बिपल्व देव अपने विवादित बयानों के कारण अक्सर खबरों में बने रहते हैं। अप्रैल में ही उनके नेतृत्व में भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल का चार साल पूरा किया था। शुक्रवार को बिपल्व देव दिल्ली आए थे। आज अगरतल्ला पहुंचने के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया।
बताते चले कि फरवरी 2023 में राज्य में विधानसभा चुनाव होंगे। जिसकी तैयारी में जुटे तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि उनकी पार्टी अगले साल मेघालय और त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव जीतेगी और 2024 के चुनाव में असम में 10 लोकसभा सीटों का लक्ष्य रखेगी। बनर्जी ने विश्वास व्यक्त किया कि टीएमसी त्रिपुरा और मेघालय में अगली सरकार बनाएगी।