कर्नाटक में जारी हिजाब विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक रेणुकाचार्य ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के कपड़ों की वजह से रेप बढ़ रहे हैं। बीजेपी विधायक का यह बयान तब आया जब कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बिकनी पहनने के अधिकार को लेकर ट्वीट किया।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के बयान का जिक्र करते हुए रेणुकाचार्य ने दिल्ली में कहा, ‘बिकिनी जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना घटिया है। कॉलेजों में पढ़ते वक्त बच्चों को पूरे कपड़े पहनना चाहिए। आज महिलाओं के कपड़ों के कारण दुष्कर्म के मामले बढ़ रहे हैं। यह सही नहीं है। हमारे देश में महिलाओं का सम्मान है।’
इससे पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने हिजाब विवाद को लेकर ट्वीट किया था। प्रियंका गांधी ने लिखा, ‘बिकिनी पहनें, घूंघट पहनें, जींस पहनें या फिर हिजाब, यह महिलाओं का अधिकार है कि वह क्या पहनें और यह अधिकार उसे भारत के संविधान से मिला है। भारत का संविधान उसे कुछ भी पहनने की गारंटी देता है। इसलिए महिलाओं को प्रताड़ित करना बंद करें।’ रेणुकाचार्य होन्नाली विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक है और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव भी हैं।
बता दें कि हिजाब विवाद को देखते हुए कर्नाटक में शुक्रवार तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बोम्मई ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और सभी से सहयोग मांगा है। वहीं कांग्रेस के कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने भी ट्वीट कर मांग की थी कि कर्नाटक में अगले 1 हफ्ते तक सभी प्रभावित संस्थानों को बंद कर देना चाहिए और ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहनी चाहिए।