कर्नाटक (Karnataka) के हुबली में सरल वास्तु एक्सपर्ट चंद्रशेखर गुरुजी की मंगलवार को दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वे हुबली के द प्रेसिडेंट होटल में ठहरे थे। यहां आए दो लोगों ने उन्हें चाकू से ताबड़तोड़ वार करके मौत के घाट उतार दिया। पुलिस का कहना है कि वारदात का CCTV फुटेज मिला है, जिसमें युवकों को उनका पैर छूते और चाकू से हमला करते देखा जा सकता है। वारदात के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोग मौके से फरार हो गए।
वायरल हो रहे CCTV फूटेज में आप साफ देख सकते हैं कि चंद्रशेखर गुरुजी कर्नाटक के हुबली-धारवाड़ रोड पर एक होटल के रिसेप्शन पर बैठे हुए हैं। उनके पास अनुयायी के रूप में दो लोग आए। एक उनके पैर छू रहा है और गुरुजी उसे आशीर्वाद दे रहे हैं। तभी बगल में खड़ा युवक उनपर चाकुओं से हमला कर देता है और लगातार हमला करता है। उसके साथ दूसरा व्यक्ति भी हमला करने लगता है। जब तक वो जमीन पर गिर नहीं जाते दोनों उनपर चाकुओं से वार करते रहते हैं। पास में ही कुर्सी पर बैठे अन्य लोग डरकर भाग जाते हैं। इसके बाद चंद्रशेखर गुरुजी की हत्या कर ये दोनों आरोपी होटल के कर्मचारियों को धमकी देकर वहाँ से भाग जाते हैं। ये घटना आज दोपहर करीब 12 बजे की है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने फरार हत्यारों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही हुबली पुलिस आयुक्त लाभू राम मौके पर पहुंचे। पुलिस आयुक्त लाभू राम ने कहा, “हमें मोबाइल टॉवर के आधार पर कुछ जानकारी मिली है। हम जांच के बाद हत्या का मकसद जान पाएंगे। हम परिवार के सदस्यों के भी बयान दर्ज कर रहे हैं।”
पुलिस ने जानकारी दी कि चंद्रशेखर गुरुजी के परिवार में 3 दिन पहले ही एक बच्चे की मौत हुई थी। इसी संबंध में वो हुबली आए हुए थे। उन्हें इस होटल के लॉबी में बुलाया गया था और फिर इस घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना की जानकारी मिलते मौके पर पुलिस आयुक्त लाभू राम और अन्य अधिकारी पहुँच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए केआईएमएस अस्पताल भेज दिया है और उनके परिवारवालों को भी इसकी सूचना दे दी। इस मामले की रिपोर्ट विजय नगर थाने में दर्ज कर ली गई है।
सीएम बसावराज बोम्मई की प्रतिक्रिया
इस घटना पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा है- यह एक जघन्य हत्या है। मैंने वीडियो देखा है। हुबली पुलिस कमिश्नर से बात की है। अभी जांच चल रही है। आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे और हत्या का कारण भी पता चल जाएगा। मैं इस हत्या की निंदा करता हूं।
कौन थे चंद्रशेखर गुरुजी
पुलिस ने बताया कि बागलकोट के रहने वाले चंद्रशेखर ने बतौर कॉन्ट्रैक्टर अपना करियर शुरू किया था। उन्हें मुंबई में एक नौकरी मिली और वे वहीं बस गए। बाद में उन्होंने मुंबई में ही वास्तु को अपना प्रोफेशन बना लिया।