कर्नाटक के कालाबुर्गी में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक एसी बस में आग लग गई। जिससे बस में सवार सात यात्री जिंदा जल गए। करीब एक दर्जन यात्री बुरी तरह से झुलस गए है। जिनका हॉस्पिटल में इलाज किया जा रहा है। बस गोवा से हैदराबाद जा रही थी, जिसमें 29 यात्री सवार थे।
यह हादसा बीदर-श्रीरंगपटना हाईवे पर कलबुर्गी जिले के कमलापुर तालुक के बाहरी इलाके में सुबह करीब 6.30 बजे हुआ. घटना से संबंध में पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक लॉरी से टकराने के बाद बस में आग लग गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया, जिस समय हादसा हुआ बस में 29 लोग सवार थे। आग लगने के बाद कुछ लोग खुद को बचाने में सफल रहे। हालांकि, सात लोग उसी में फंस गए। जानकारी के मुताबिक, हादसे में बस पूरी तरह जल के खाक हो चुकी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सभी मृतक हैदराबाद के रहने वाले थे। कलबुर्गी के एसपी ईशा पंथ ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार यह संदेह है कि 7 से 8 यात्री बस के अंदर फंस गए थे, जिस कारण उनकी जलकर मौत हो गई। उन्होंने कहा कि हालांकि, इस स्तर पर त्रासदी में मौतों की सही संख्या बताना संभव नहीं है। 12 यात्री घायल हैं, जिन्हें कलबुर्गी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे का शिकार हुई एसी बस गोवा के ऑरेंज कंपनी की थी। टक्कर के बाद बस में इतनी भीषण आग लगी स्थानीय लोग चाहकर भी उसके पास नहीं जा सके। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद फायर ब्रिगेड विभाग के लोग दमकल लेकर पहुंचे। घंटों तक की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।