कर्नाटक (Karnataka) में सोशल मीडिया पर जंग छेड़ने वाली लेडी आईएएस और आईपीएस को सरकार की हिदायत के बाद अब सख्त एक्शन लिया गया है। दोनों अफसरों का तबादला कर दिया गया है। फिलहाल अभी दोनों को कहीं पोस्टिंग नहीं दी गई है।
दोनों महिला अफसरों में यह विवाद रविवार को तब शुरू हुआ, जब आईपीएस ऑफिसर डी रूपा ने आईएएस अधिकारी रोहिणी सिंधुरी की प्राइवेट तस्वीरें सोशल मीडिया में पोस्ट करते हुए उनपर कई गंभीर आरोप लगाए। डी रूपा का आरोप था कि रोहिणी सिंधुरी ने अपनी प्राइवेट तस्वीरें दो-तीन पुरुष आईएएस अधिकारियों को भेंजे। डी रूपा द्वारा लगाए गए आरोपों पर रोहिणी सिंधुरी ने जवाब देते हुए कहा था कि वो उनपर कानूनी कार्रवाई करेंगी। उन्हें फंसाने की साजिश की जा रही है।
इन दोनों महिला अफसरों के बीच यह लड़ाई पब्लिक डोमेन में सोशल मीडिया पर चल रही थी। जो आईपीएस कोड ऑफ कंडक्ट के खिलाफ है। ऐसे में अब सरकार ने दोनों महिला अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इन दोनों के साथ-साथ आईपीएस डी रूपा के पति आईएएस अधिकारी मुनीश मौदगिल का भी तबादला कर दिया गया है।
इन दोनों महिला अफसरों के बीच सोशल मीडिया पर लड़ रही लड़ाई की जानकारी कर्नाटक सीएम तक पहुंची थी। कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने इस लड़ाई पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि यह सेवा नियमों के खिलाफ है। उन्होंने दोनों पर कार्रवाई की चेतावनी थी। जिसके बाद कर्नाटक सरकार ने दोनों महिला अफसरों के तबादले का पत्र जारी किया।
IPS डी रूपा ने लगाए थे कई आरोप
रविवार को IPS डी रूपा ने IAS अधिकारी रोहिणी सिंधुरी की कुछ प्राइवेट फोटो सोशल मीडिया में शेयर करते हुए दावा किया कि सिंधुरी ने तीन पुरुष आईएएस अधिकारियों को अपनी निजी तस्वीरें खुद भेजी थी। उन्होंने लिखा था कि इस तरह की तस्वीरें सामान्य लग सकती हैं। लेकिन एक महिला आईएएस अधिकारी एक या दो या तीन पुरुष आईएएस अधिकारियों को ऐसी कई तस्वीरें भेजें तो इसका क्या मतलब हैं? डी रूपा ने लिखा कि आईएएस सर्विस कंडक्ट रूल्स के अनुसार ये अपराध है। कोई भी जांच एजेंसी इन तस्वीरों की जांच कर सकती है।
रोहिणी सिंधुरी ने कहा- मुझे बदनाम करने की साजिश
डी रूपा द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों पर आईएएस अधिकारी रोहिणी सिंधुरी ने जवाब दिया है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि वो कानूनी कार्रवाई करेंगी। सिंधुरी ने कहा कि उन्होंने मुझे बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया और वाट्सएप स्टेट्स से ली गई मेरी तस्वीरों के स्क्रीनशॉट लिए। उन्होंने डी रूपा से उन पुरुष आईएएस अधिकारियों के नाम का खुलासा करने को कहा है जिनको फोटो भेजने की बात उन्होंने अपनी ट्वीट में की है।