कोलकाता में बांग्लादेश के डिप्टी हाई कमीशन (Bangladesh Deputy High Commission) के सामने गोलीबारी की घटना हुई है। यहां एक पुलिसकर्मी (होमगार्ड के जवान) ने महिला की गोली मारकर हत्या के बाद खुदकुशी कर ली। वहीं, इस दौरान सड़क से गुजर रहे एक बाइक चालक भी गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया है।
दिनदहाड़े महानगर में शूटआउट की इस घटना के बाद से दहशत का माहौल है। इलाके में विभिन्न सड़कों पर वाहनों का भारी जाम भी लग गया है। घटना की सूचना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद है। घटनास्थल के आसपास के रास्ते को सील कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी अचानक बाहर निकला और फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की चपेट में आकर एक बाइक सवार महिला की मौत हो गई। वहीं फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद पुलिसकर्मी ने खुद को भी गोली मार ली। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल यह पता नहीं चल पा रहा है कि आखिर यह पुलिसकर्मी कौन था और उसने इतनी बड़ी घटना को क्यों अंजाम दिया। इसके अलावा पुलिसकर्मी की फायरिंग में मारी गई महिला की भी पहचान नहीं हो पा रही है।
वहीं पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिसकर्मी ने शुक्रवार दोपहर को कोलकाता के व्यस्त पार्क सर्कस (Park Circus) इलाके में बांग्लादेश उप उच्चायोग के बाहर कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग की, जिसमें एक महिला की मौत हो गई. उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन पर पीछे बैठी महिला गोली लगने के बाद नीचे गिर गई. पुलिसकर्मी अपनी राइफल से फायरिंग करता रहा, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाके में अफरातफरी मच गई.
वहां उपस्थित लोगों का कहना है कि करीब 10-15 राउंड गोलियां चलीं और इसके कारण सड़क से गुजर रही एक महिला को गोलियां लगीं और उसकी मौत हो गई। यह महिला एक बाइक पर सवार थी और उस बाइक चालक को भी गोलियां लगी हैं। महिला के बारे में अभी अधिक जानकारी नहीं मिल सकी है।
वहीं, घायल को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। पुलिस लोगों से जानकारी जुटा रही है तो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। इलाके की दुकानें भी इस घटना के बाद बंद हो गईं। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।