महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक उठा-पटक पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी ने बीजेपी पर निशाना साधा है। आज सुबह TMC के कार्यकर्ताओं असम में गुवाहाटी के रैडिसन ब्लू होटल में ठहरे विधायकों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं अब सीएम ममता बनर्जी ने कह दिया है कि असम की जगह बागी विधायकों को बंगाल भेज देना चाहिए, उनकी अच्छी खातिरदारी की जाएगी।
ममता बनर्जी ने गुरुवार को भाजपा पर आरोप लगाया कि वह महा विकास अघाड़ी सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है। महाराष्ट्र के बागी विधायकों को गुवाहाटी में ठहरने पर ममता बनर्जी ने कहा कि “असम में बाढ़ की विभीषिका के बीच प्रभावित लोगों को परेशान करने के लिए महाराष्ट्र के विधायक वहां क्यों भेजे जा रहे हैं। महाराष्ट्र के विधायकों को असम के बजाय बंगाल भेजिए, हम उनकी अच्छी खातिरदारी करेंगे।”
सीएम ने आगे कहा, “भारत में अब लोकतंत्र काम भी करता है, इस पर शक है. कहां है लोकतंत्र? क्या ऐसे ही चुनी हुई सरकारों पर बुलडोजर चल जाएगा? हमे लोगों के लिए न्याय चाहिए, उद्धव ठाकरे के लिए न्याय चाहिए। इनका क्या है, अभी महाराष्ट्र में सरकार गिरा रहे हैं, फिर दूसरे राज्यों में भी कोशिश करेंगे।” उन्होंने कहा कि इस समय केंद्र में बीजेपी की सरकार है, इसलिए उनके विधायकों, नेताओं पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
वहीं दूसरी तरफ ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी गुरुवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर कटाक्ष किया। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा सरकार की प्राथमिकताएं पूरी तरह से स्पष्ट हैं। सरकार विद्रोही विधायकों की मेजबानी करने के लिए दिल्ली के आदेश का पालन करने में पूरी तरह से व्यस्त है। अभिषेक बनर्जी ने ट्वीट करते हुए कहा कि काश हिमंत बिस्वा सरमा को बाढ़ प्रभावित पीड़ितों के बारे में ज्यादा परवाह होती और महाराष्ट्र सरकार को गिराने के बारे में कम।