पश्चिम बंगाल के मंत्री और TMC नेता अखिल गिरि ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू पर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने नंदीग्राम में कहा- ‘हम किसी को उनकी शक्ल से नहीं आंकते। हम भारत के राष्ट्रपति का सम्मान करते हैं, लेकिन हमारी राष्ट्रपति कैसी दिखती हैं?’ भाजपा ने इसे शर्मनाक बताया, तो अखिल गिरि पलट गए। उन्होंने कहा- मैंने किसी का नाम नहीं लिया।
दरअसल ममता बनर्जी कैबिनेट के मंत्री अखिल गिरी का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो राष्ट्रपति के लुक पर अपमानजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने टीएमसी और ममता बनर्जी पर निशाना साधा है।
वायरल वीडियो में लोगों से घिरे मंत्री अखिल गिरी बंगाली में लुक को लेकर राष्ट्रपति पर तंज कसते सुने जा सकते है। इस वीडियो पर पश्चिम बंगाल का सियासी पारा हाई हो गया है। पश्चिम बंगाल बीजेपी ने ममता बनर्जी और तृणमूल पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप लगाया।

बीजेपी बंगाल ने ट्विट करते हुए लिखा, “अध्यक्ष द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समुदाय से आती हैं। तृणमूल कांग्रेस के सुधार गृह मंत्री अखिल गिरि ने महिला कल्याण विभाग की एक अन्य मंत्री शशि पांजा की उपस्थिति में उनके बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की।” हालांकि, ममता बनर्जी की तरफ से इस पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भाजपा नेता अमित मालवीय ने अखिल गिरि के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। अमित मालवीय ने अखिल गिरी के वीडियो को पोस्ट करते हुए ट्वीट किया “ममता बनर्जी के कैबिनेट में मंत्री अखिल गिरि ने राष्ट्रपति का अपमान किया, कहते हैं, ‘हमें लुक की परवाह नहीं है। लेकिन आपका राष्ट्रपति कैसा दिखता है?’ ममता बनर्जी हमेशा आदिवासी विरोधी रही हैं, राष्ट्रपति मुर्मू का समर्थन नहीं किया कार्यालय और अब यह। प्रवचन का शर्मनाक स्तर…”
अखिल गिरी ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद अखिल गिरि ने अपनी सफाई में बयान जारी किया- मैंने किसी का नाम नहीं लिया। मैंने शुभेंदु अधिकारी के कमेंट के जवाब में इस तरह की तुलना की थी। उन्होंने कहा था कि अखिल गिरि अच्छे नहीं दिखते हैं। मैं एक मंत्री हूं। मैंने पद की शपथ ली है। मेरे बारे में ऐसा कहना संविधान का अपमान है।