कांदिवली में हुआ दर्दनाक हादसा
मुंबई। मकर संक्राति पर कटी हुई पतंग लूटने के चक्कर में 10 वर्षीय बच्चे की जान चली गयी. कांदिवली पश्चिम के दहानुकरवाड़ी में रहने वाला दुर्वेश जाधव गुरुवार दोपहर अपने अन्य दोस्तों के साथ पतंग उड़ाने के लिए घर से निकला था। इसी खेल में एक कटी पतंग को पकड़ने के लिए दुर्वेश उसके पीछे भागा। वह पतंग उड़ते उड़ते गोबर से भरे एक टाकी में जा गिरी। चूंकि ऊपर से गोबर सूखा हुआ था, लेकिन उसके नीचे दलदल जैसा था। इसका अंदाजा दुर्वेश को नहीं हुआ उसके ऊपर कूद गया और अंदर चला गया।
आसपास के लोग दुर्वेश को बचाने के लिए दौड़े लेकिन उस टाकी में कूदने की हिम्मत किसी की नहीं हुई। जबकि दुर्वेश अंदर छटपटा रहा था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, पुलिस भी परिस्थिति के आगे लाचार नजर आई। इसके बाद फायर ब्रिगेड वालों को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक पास की बिल्डिंग में काम कर रहे मजदूरों ने क्रेन की मदद से बच्चे को बाहर निकाला। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दुर्वेश को कांदिवली के एक अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने एडीआर दर्ज कर लिया है।