मुंबई। कोरोना महामारी से जुझती मुंबई इस समय तौकते चक्रवात से सहमी हुई है। मुंबई में पिछली रात से ही तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। हालांकि मनपा की तरफ से एहतियातन बचाव के सभी कार्य किये जा रहे हैं।
इसी कड़ी मेंं मुंबई में चक्रवात से विभिन्न स्थानों पर कुल 132 पेड़ गिरने की खबर सामने आई है। इसके अलावा लेक सिटी ठाणे में पिछले 24 घंटों में पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाओं में पांच वाहनों सहित एक घर को नुकसान पहुंचा है।
‘तौकते’ की स्थिति को देखते हुए बांद्रा-वर्ली सी लिंक को आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने का आग्रह किया है। सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों द्वारा अगली जानकारी दिए जाने तक सी लिंक को बंद रखा जाएगा।
चक्रवात की चेतावनी के बीच बीएमसी ने नागरिकों से घरों से बाहर बिना काम के न निकलने का आग्रह किया है। इससे पहले, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने महाराष्ट्र के तट पर और उसके बाहर के मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी थी।