स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दिए संकेत
मुंबई। तकरीबन 10 माह के बाद एक फरवरी से आम लोगों के लिए मुंबई लोकल (Mumbai Local) शुरू हुई, लेकिन आम लोगों को यात्रा करने के लिए जो समय निर्धारित किया गया है, उससे नौकरीपेशा लोगों में खासी नाराजगी है।
आम लोगों के लिए सुबह पहली ट्रेन से सुबह 7 बजे, दोपहर में 12 बजे से 4 बजे तथा रात 9 बजे के बाद आखिरी लोकल तक यात्रा कर सकते हैं। इस वजह से आम लोगों के लिए लोकल के समय में फेरबदल करने की मांग उठ रही है। इस बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे (Rajesh Tope) ने कहा कि जल्द ही लोकल यात्रा के समय के बारे में लोगों राहत की खबर सुनने को मिलेगी।
टोपे ने कहा कि लोगों की सुविधा सबसे महत्वपूर्ण है। यदि लोकल के निर्धारित समय में कुछ सुधार करना जरूरी होगा तो इस बारे में जल्दी ही लोगों को बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकल का समय निश्चित ही बदला जा सकता है। लोगों के हित और जरूरत के संबंध में उनकी सुविधा होना अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। इसमें यदि सुधार किए जाने की जरूरत होगी तो हमारा विभाग भी हमें बताएगा और राज्य सरकार इस संदर्भ में जरूर निर्णय लेगी।
आम आदमी के लिए निर्धारित किए गए समय को छोड़कर केवल अत्यावश्यक सेवा के कर्मचारियों को स्टेशन में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध है। बता दें कि 29 जनवरी को पश्चिम रेलवे मार्ग पर साढ़े 9 लाख यात्रियों ने सफर किया गया था। सोमवार शाम 6 बजे तक 11 लाख 50 हजार यात्रियों ने सफर किया।
पश्चिम रेलवे (Western Railway) के अनुसार देर रात तक यात्रियों की संख्या में 4 लाख का इजाफा होने की संभावना व्यक्त की गई है। इधर मध्य रेलवे में 29 जनवरी को 13 लाख यात्रियों ने सफर किया। एक फरवरी को शाम 6 बजे तक 14 लाख 50 हजार यात्रियों ने सफर किया। देर रात तक यात्रियों की संख्या में 5 लाख का इजाफा होने का अनुमान है