मुंबई। पिछले दो दिन से सक्रिय हुए मानसून की बदौलत मुंबई में बीते 24 घंटे के दौरान रिकॉर्ड 253.3 मिलीमीटर बारिश हुई। पिछले 12 वर्षों के दौरान यह तीसरी बार है जब मुंबई में जुलाई के महीने में एक दिन में इतनी अधिक बारिश हुई। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से शुक्रवार को जारी किए गए आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है।
गौरतलब हो कि मुंबई में शुक्रवार सुबह आठ बजे तक 24 घंटे अवधि की यह बारिश आईएमडी की सांताक्रूज वेधशाला द्वारा दर्ज की गई। आईएमडी के मुताबिक इससे पहले मुंबई में 15 जुलाई 2009 को 274.1 मिमी बारिश हुई थी जबकि दो जुलाई 2019 को 376.2 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। कोलाबा स्थित वेधशाला के अनुसार शुक्रवार की सुबह तक 24 घंटे की अवधि के दौरान केवल 12.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
दोनों वेधशालाओं के मुताबिक मुंबई में इस दौरान औसत से अधिक बारिश हुई है। सांताक्रूज वेधशाला के मुताबिक मुंबई में एक जून से अब तक 1,544.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 609.1 मिमी कम है। इसी प्रकार कोलाबा में स्थित केंद्र के मुताबिक एक जून से अब तक 1,068.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 132.68 मिमी कम है।